संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने विभिन्न कार्यक्रमों में की शिरकत
विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने वतन सिंह कॉलोनी में 2 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 11 गलियों के कार्य का किया शिलान्यास
करनाल, 14 अप्रैल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने मंगलवार को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गांव डींगर माजरा, घरौंडा के अंबेडकर चौक फाटक पार, करनाल के कर्ण विहार व सेक्टर-16 स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर डॉ भीम राव अम्बेडकर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने वतन सिंह कॉलोनी में 2 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 11 गलियों के कार्य का शिलान्यास किया।
एकता का सूत्र है हमारा संविधान
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने सभी को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि डॉ. भीम राव अम्बेडकर द्वारा रचित संविधान भारत की विविधताओं को एकता के सूत्र में पिरोता है। भारत की अलग-अलग बोलियों, संस्कृतियों और खानपान के बावजूद यह संविधान ही है, जो हमें एक राष्ट्र के रूप में जोड़े हुए है। उन्होंने युवाओं से बाबा साहब के जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
योग्यता और पारदर्शिता का युग
श्री कल्याण ने वर्तमान सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज नौकरियां वोट बैंक या सिफारिश के आधार पर नहीं, बल्कि केवल मेरिट के आधार पर दी जा रही हैं। आज एक साधारण परिवार का बच्चा बिना किसी सिफारिश के अपनी योग्यता के दम पर सरकारी नौकरी लगता है। आज समाज के हर वर्ग के बच्चे को आगे बढऩे का समान अधिकार मिला है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने जिस समानता की कल्पना की थी, उसे आज वर्तमान सरकार द्वारा साकार किया जा रहा है।
बाबा साहब के सपनों का भारत
जनसभा को संबोधित करते हुए श्री हरविंदर कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार बाबा साहब की कल्पनाओं के अनुरूप देश और प्रदेश को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा बाबा साहब चाहते थे कि समाज के अंतिम व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान मिले। आज ऑनलाइन व्यवस्था और पारदर्शिता के माध्यम से बुजुर्गों की पेंशन, किसानों की सब्सिडी और युवाओं को मेरिट के आधार पर बिना खर्ची-पर्ची के नौकरियां मिल रही हैं, जो बाबा साहब के सपनों को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है।
पंचतीर्थ और अंतरराष्ट्रीय सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार ने बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर जी से जुड़े पांच प्रमुख स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर उन्हे सम्मान दिया है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि लंदन में बाबा साहब के स्मारक पर अंग्रेजों को सम्मान के साथ उनके बारे में पढ़ते देखना गर्व का विषय है।
संस्कृति और एकता पर जोर
श्री कल्याण ने कहा कि मुगलों और अंग्रेजों के कालखंड में हमारी संस्कृति को बिगाडऩे का प्रयास किया गया। आजादी के बाद जब अंग्रेज देश को कठिन हालातों में छोड़ गए थे, तब बाबा साहेब ने कठिन मशक्कत के बाद देश को एक ऐसा संविधान दिया जिसने सबको एक सूत्र में पिरोने का काम किया। हज़ारों सुझावों और चुनौतियों के बीच बाबा साहेब के ज्ञान और विजन ने ही आज भारत को लोकतंत्र के रूप में अडिग खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर मनाई जा रही है। जिनका मुख्य उद्देश्य 36 बिरादरी को एकजुट करना है। जब समाज संगठित होकर महापुरुषों के विचारों से जुड़ता है, तभी युवा पीढ़ी में अच्छे संस्कार आते हैं।
आमजन विकास में बने भागीदार
विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि वे राजनीति को चुनाव तक सीमित रखें और बाकी समय इलाके की तरक्की के लिए मिलकर सोचें। उन्होंने कहा सरकार की नियत साफ है, लेकिन नई व्यवस्थाओं को लागू करने में कुछ समय लगता है। जनता के सहयोग के बिना पूर्ण विकास संभव नहीं है। आप केवल बच्चों की पढ़ाई और अपनी तरक्की पर ध्यान दें, विकास कार्यों की पैरवी के लिए आपके वकील के रूप में मैं दिन-रात सेवा में तत्पर हूँ।
विकसित भारत का संकल्प
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज देश 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे अपने मोहल्ले और शहर को साफ-सुथरा रखें और राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि समाज की तरक्की के लिए बच्चों की शिक्षा पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बाबा साहब के मूल मंत्र शिक्षित बनो, संगठित रहो को दोहराते हुए कहा कि जब 36 बिरादरी संगठित होकर आगे बढ़ेगी, तभी 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।
इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, पार्षद संदीप राठी, सोमनाथ प्रजापति, अमित गुप्ता, बलविंद्र सिंह, अश्वनी राणा, अबेडक़र समाज कल्याण सभा के प्रधान अमर सिंह, हरनाम दास, डा. ध्रुव, अनूज गुप्ता, मनोज राणा, अमित राणा, ब्लॉक समिति चेयरमैन, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और भारी संख्या में मातृशक्ति व बुजुर्ग उपस्थित रहे।
