एक घंटे तक चली बैठक में डीसी, एनएचआई व पीडब्ल्यूडी के अधिकारी रहे मौजूद
जीटी रोड, मेरठ रोड, करनाल रिंग रोड व घरौंडा शहर से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधानों पर हुई चर्चा
करनाल, 2 अप्रैल।  
 हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने वीरवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में करनाल की राष्ट्रीय राजमार्ग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। एक घंटे तक चली बैठक में करनाल के डीसी उत्तम सिंह, एनएचआई के पीडी व अन्य अधिकारियों के अलावा पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इस बैठक में करनाल से गुजरने वाले विभिन्न राजमार्गों, जीटी रोड, मेरठ रोड, करनाल रिंग रोड व जी टी रोड से जुड़ीं घरौंडा शहर से संबंधित समस्याओं के समाधानों पर अधिकारियों से विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की जायज़ मांगों व सुविधा के अनुसार कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने मेरठ रोड पर शुगर मिल के पास सर्विस रोड बनाने तथा सेक्टर 6 व नगला चौक पर फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव की भी समीक्षा की। स्पीकर कल्याण ने घरौंडा शहर में जी टी रोड की सर्विस लेन पर होने वाले जाम तथा अन्य समस्याओं की ओर साथ-साथ वहां के लिए बाईपास की संभावना पर भी चर्चा की। विस स्पीकर ने समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन करनाल रिंग रोड की प्रगति तथा सर्विस रोड के निर्माण तथा स्थानीय लोगों द्वारा मिले कुछ अन्य प्रस्तावों को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों से बारीक जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि रिंग रोड का कार्य तेज गति से जारी है परन्तु कुछ कार्यों के लिए प्रशासन के सहयोग की जरूरत है जिस पर विधानसभा अध्यक्ष ने प्रशासन व सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिलवाने का भरोसा दिलाया।
विस अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि सेक्टर 14 से नमस्ते चौक की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एंट्री पॉइंट बनाया जाएं ताकि डीसी आफ़िस की ओर से आने वाले ट्रैफिक के कारण सेक्टर चौदह के चौक पर जाम की स्थिति से राहत मिल सके। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने मेरठ रोड पर जिन रास्तों पर यातायात की अधिकता के कारण दुर्घटनाओं की अधिक संभावना रहती है, वहां रिम्बल स्ट्रिप्स व लाइटें लगाने बारे निर्देश दिए। इसके बाद विस अध्यक्ष ने फुट ओवरब्रिजों की भी समीक्षा की तथा मधुबन में डीएवी स्कूल के समीप पुलिस अकादमी की स्लिप रोड को चोड़ा करने की फिजिबिलिटी चेक करने के निर्देश दिए जिसके लिए बिजली विभाग की लाइनों को शिफ़्ट करने की ज़रूरत का विषय आया। विस अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने उपायुक्त उत्तम सिंह को बिजली विभाग, नगर निगम व अन्य संबंधित विभागों से भी तालमेल कर विभिन्न कार्यों में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के निर्देश भी दिए ताकि प्रस्तावित व चल रहे कार्यों में तेजी लाई जा सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *