देशभर में हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में रेवाड़ी में बड़ा तालाब स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। हनुमान जयंती पर जगह जगह हवन यज्ञ और भंडारे का आयोजन हुआ जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ा तालाब स्थित हनुमान मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। धार्मिक आयोजन के चलते जगह जगह शहर में जाम की स्थिति बनी रही। हनुमान मंदिर के मंहत सतीश वैष्णव तथा मंदिर कमेटी से महेंद्र, चिराग पुजारी, लोकेश कुमार, रवि शर्मा तथा हेमंत आदि ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। शाम के समय मंदिरों में रामायण और सुंदरकांड का पाठ कराया गया वहीं आज सुबह हवन यज्ञ और विशाल भंडारी का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर शुद्ध देशी घी से बना भंडारे का प्रसाद तैयार किया जाता है। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हिंदू सनातन धर्म के प्रति लोगों में जागरूकता आ रही है। हनुमान जयंती पर मंदिर में केक काटकर बाबा बजरंग बली का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

वहीं शहर के छिपटवाड़ा स्थित श्रीराम सत्संग भवन की ओर से पिछले पांच दिन से चल रहा श्री हनुमान जयंती समारोह का वीरवार को पंजाबी धर्मशाला में भंडारे के साथ समापन हो गया। इसमें रेवाड़ी के साथ अन्य स्थानों से भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पंजाबी धर्मशाला में आयोजित भंडारा कार्यक्रम में समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली ने शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने दरबार में धोक लगाई और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। भक्ति और उल्लास के साथ रेवाड़ी शहर के मोहल्ला छिपटवाड़ा स्थित श्रीराम सत्संग भवन में 29 मार्च से हनुमान जन्मोत्सव के पांच दिवसीय कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ था। वहीं रेवाड़ी के बड़ा तालाब स्थित हनुमान मंदिर में हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य कर कार्यक्रम को भक्तिमय और रंगारंग बना दिया।

सदगुरु देव शिवचंद इष्टधारी के सानिध्य में श्रीराम सत्संग भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सरकुलर रोड और बड़ा तालाब स्थित हनुमान मंदिर तक पहुँची। रास्ते में मंदिरों में देवी-देवताओं को मालाएं अर्पित कर श्रद्धालुओं ने अपनी भक्ति प्रकट की। प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रामायण को पालकी में विराजमान किया गया। शोभायात्रा भाड़ावास गेट, मोती चौक, बजाजा बाजार और पुरानी तहसील होते हुए पुन: श्रीराम सत्संग भवन पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग देखने को मिली। शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया। हिंदू संगठनों की ओर से बाइक भगवा रैली निकाल सनातन धर्म का प्रचार प्रसार किया गया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *