करीब 4.68 करोड़ रुपये की लागत से होंगे 4 कार्य, नागरिकों को स्वच्छ जल की होगी सप्लाई।
करनाल 27 मार्च,
          नगर निगम करनाल द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुरानी एवं क्षतिग्रस्त पाईप लाइनों को बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि निगम द्वारा 4 टेंडर जारी कर योग्य एजेंसियों को कार्य अलॉट किए गए हैं। इन चारों कार्यों पर कुल 4 करोड़ 68 लाख 99 हजार रुपये की अनुमानित राशि खर्च की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिव कॉलोनी व शमशाद भाग क्षेत्र में पाइप लाइन बदलने का कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि निरंकारी भवन के निकट आजाद नगर में कार्य प्रगति पर है। इस कार्य के तहत 3 इंच, 4 इंच एवं 6 इंच डायामीटर की डी.आई. पाईप लाईन विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार बदली व नई डाली जाएंगी। उन्होंने आगे बताया कि इन कार्यों में संधू कॉलोनी क्षेत्र में एक नया नलकूप स्थापित किया जाएगा तथा पम्प चैम्बर का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे कॉलोनी में जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि पाइप लाइन बदलने के बाद संबंधित क्षेत्रों के निवासियों को स्वच्छ एवं पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध हो सकेगा और गंदे पानी की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बिना अनुमति के मेन पाईप लाईन से अवैध कनेक्शन न जोड़ें, क्योंकि अधिकांश लीकेज की समस्या ऐसे ही कनेक्शनों के कारण उत्पन्न होती है।
जल संरक्षण को लेकर विशेष अपील- उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण को लेकर विशेष अपील करते हुए कहा कि जल एक अमूल्य संसाधन है, जिसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि घरों में अनावश्यक पानी बहने से रोकें, नलों को खुला न छोड़ें, टंकियों में ओवरफ्लो से बचाव के लिए अलार्म सिस्टम लगाएं तथा वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को अपनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छ जल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए नागरिक पाईप लाईनों में किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और किसी भी प्रकार की लीकेज या जल बर्बादी की सूचना तुरंत नगर निगम को दें। जल का सही उपयोग और संरक्षण ही आने वाली पीढय़िों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करेगा।
इन क्षेत्रों में बदली जाएगी पाईप लाईन- उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में पाईप लाईन बदली जानी है, उनमें मान कॉलोनी, ज्योति नगर, दुग्गल कॉलोनी, प्रताप पब्लिक स्कूल गली, रावंर अस्पताल रोड की ब्रांच गली, आदर्श नगर, स्कूटर मार्केट रोड, राम भाग, शमशाद भाग (पुरानी सब्जी मंडी के नजदीक), संधू कॉलोनी, मटक माजरी, बासों गेट, कर्ण विहार, भीम नगर, शिव कॉलोनी, विजय नगर, कैथल रोड रेलवे ओवर ब्रिज से हांसी चौक व तलवार चौक तक, धोबी मोहल्ला से कलंदरी गेट वाया राम गली, सूर्या कुआ, जोडिया कुआ, शंभू नाथ मोहल्ला, कोट मोहल्ला से जुण्डला गेट, मीरा घाटी, मुगलों मोहल्ला से जाटों गेट, भाटन मोहल्ला तथा कुम्हारों मोहल्ला शामिल हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *