विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने विद्यार्थियों की कूची से उभरे सामाजिक संदेशों को सराहा
करनाल, 12 मार्च। नगर निगम करनाल द्वारा आज महाराजा अग्रसेन चौक से आई.टी.आई. चौक मार्ग पर स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर की दीवार पर ‘कला संगम-3’ चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की कूची से उभरे सामाजिक संदेशों को सराहा।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि
इस प्रतियोगिता में भाग ले रही टीमें अपनी पेंटिंग के माध्यम से समाज को एक अत्यंत सार्थक संदेश दे रही हैं। वास्तव में उनकी पेंटिंग जितनी आकर्षक है, उससे कहीं अधिक प्रभावशाली उनका वह संदेश है जो हमारे सुरक्षित भविष्य के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आज के तकनीकी युग में पर्यावरण को बचाना सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे स्कूल में प्राप्त ज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपने व्यवहार में भी उतारें।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने इस सफल आयोजन के लिए नगर निगम करनाल की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और हर व्यक्ति को एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि जब समाज का हर वर्ग अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेगा, तभी हम ‘विकसित राष्ट्र’ के संकल्प को सिद्ध कर पाएंगे।
इस अवसर पर नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
