उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर 16 से 19 मार्च तक लगेगा चैत्र चौदस मेला, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सडक़ों की मुरम्मत और निर्माण का कार्य जल्द करेंगे पूरा, नपा अधिकारी सफाई व्यवस्था पर रखेंगे विशेष फोकस, सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी पैनी नजर
पिहोवा 9 मार्च। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि तीर्थ नगरी पिहोवा के प्रसिद्ध चैत्र चौदस मेला में देश के कोने-कोने से पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इन श्रद्घालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो, इस विषय को सभी अधिकारी गंभीरता से लेंगे और समय रहते तैयारियां पूरी करेंगे। अहम पहलू यह है कि पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर 16 से 19 मार्च तक चैत्र चौदस मेले का आयोजन किया जाएगा। इस चैत्र चौदस मेले में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा सरस्वती के पवित्र तट पर अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के पूजा अर्चना करवाई जाएगी तथा अमावस के दिन सरस्वती सरोवर के पवित्र जल में स्नान किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय के बहुउद्देश्यीय हॉल में चैत्र चौदस मेले की तैयारियों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, भाजपा के वरिष्ठï नेता जयभगवान शर्मा, नपा चेयरमैन आशीष चक्रपाणि, एसडीएम अनिल दून ने चैत्र चौदस मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी रामधारी शर्मा, सरस्वती तीर्थ सेवादल के प्रधान गोपाल कौशिक, मां सरस्वती युवा संगठन के अध्यक्ष जयपाल कौशिक ने अपने सुझाव भी दिए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि उपमंडल पिहोवा में हर वर्ष चैत्र चौदस मेला बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस मेले में देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं तथा अपने पूर्वजों के लिए पिंडदान करते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चैत्र चौदस मेले के आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। यह मेला लोगों की श्रद्धा से जुड़ा है तथा देश-विदेश से भारी संख्या में लोग सरस्वती तीर्थ के पवित्र तट पर पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सभी के साझे प्रयासों से चैत्र चौदस मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिहोवा में प्रसिद्ध चैत्र चौदस मेला 16 मार्च से 19 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस मेले में हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल व यूपी और दिल्ली सहित देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे। इस मेले में सुरक्षा, सफाई एवं पेयजल की विशेष व्यवस्था की जाए ताकि किसी की श्रद्धालु को कोई समस्या का सामना न करना पड़े। इसके अलावा रंग बिरंगी लाइट से पिहोवा की सजावट की जाए तथा शहर का सौंदर्यीकरण भी किया जाए ताकि यात्रियों को पिहोवा नगरी में आकर काफी आकर्षक लगे। इस मेले के लिए धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं सहित तीर्थ पुरोहितों से भी सहयोग मांगा गया है।
उन्होंने कहा कि सरस्वती तीर्थ पर जितने भी घाट हैं, उन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। व्यापक स्तर पर किए जा रहे इन प्रबंधों में साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग और परिवहन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरस्वती तीर्थ पर महिला घाट पर सुरक्षा व्यवस्था तथा साफ-सफाई का विशेष कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग, पानी व्यवस्था एवं अस्थाई शौचालय के लिए जन स्वास्थ्य विभाग, सरस्वती तीर्थ से पानी की निकासी एवं पुन भराई के लिए सिंचाई विभाग, बिजली के लिए यूएचबीवीएन, स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग, सफाई के लिए नगर पालिका, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, सिविल सर्जन विभाग, परिवहन विभाग, अग्रि नियंत्रण के लिए अग्निशमन विभाग, जीवन बचाव व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग, तहसील विभाग सहित विभिन्न विभागों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि चैत्र चौदस मेले के सफलतापूर्वक आयोजन में सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।
उपायुक्त ने कहा कि चैत्र चौदस मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शहर के कोने-कोने में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जो मेले के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। इस मेले के दौरान अंबाला रोड, गुहला-पिहोवा रोड, कैथल रोड, गलेडवा रोड तथा कुरुक्षेत्र रोड पर चेक पोस्ट लगाए जाएंगे। इन चैक पोस्टों पर पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी डयूटी देंगे, ताकि एक ही स्थान पर पूर्ण चैकिंग हो सके व मेले में आने वाले यात्रियों को अलग-अलग जगहों पर न रूकना पड़े। इसके अतिरिक्त इस बार चैत्र चौदस मेले में पिछली बार से ज्यादा महिला पुलिस कर्मचारी तैनात की जाएंगी। मेला क्षेत्र में पुलिस कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।
