अम्बाला, 2 मार्च
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही सीनियर सेकेंडरी की परीक्षाओं में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बोर्ड प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में आज बोर्ड उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने अंबाला जिलों के परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते हुए सुरक्षा प्रबंधों और परीक्षा की गरिमा का बारीकी से निरीक्षण किया। आज प्रदेशभर में भौतिक विज्ञान  और अर्थशास्त्र विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने अपने निरीक्षण के दौरान ए.एस. सीनियर सेकेंडरी स्कूल के परीक्षा केंद्र के साथ-साथ अन्य परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उपाध्यक्ष ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल और आंतरिक उडऩदस्तों की कार्यप्रणाली को परखा और बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए आवश्यक सख्त निर्देश भी दिए। उन्होनें शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बोर्ड परीक्षाओं को नकल मुक्त बनाने में अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाएं। बोर्ड का उद्देश्य केवल परीक्षा लेना नहीं, बल्कि प्रदेश में शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाना है। उन्होनें कहा कि परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाओं का बारिकी से जायजा लेते हुए की गई व्यवस्थाओं पर संतोष भी व्यक्त किया। इससे पहले उन्होंने जिला पंचकूला के भी कई परीक्षा केन्द्रों का भी निरीक्षण किया और वहां पर बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन हो इस बारे आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
आज के इस औचक निरीक्षण के दौरान एक भी परीक्षार्थी के विरुद्ध अनुचित साधन का मामला दर्ज नहीं किया गया। बोर्ड उपाध्यक्ष ने इस पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सघन चेकिंग और सीसीटीवी की सक्रियता के कारण विद्यार्थियों में अनुशासन बढ़ा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी केंद्र पर यदि कोइ्र लापरवाही सामने आई तो सम्बधिंत के खिलाफ तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होनें इस मौके पर  छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *