दिल्ली–पानीपत–करनाल नमो भारत कॉरिडोर क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर: अशोक शर्मा
करनाल 26 फरवरी। ब्राह्मण खाप के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा ने दिल्ली–पानीपत–करनाल तक प्रस्तावित नमो भारत 2.0 कॉरिडोर का स्वागत करते हुए इसे हरियाणा विशेषकर करनाल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली से पानीपत–करनाल की दूरी लगभग एक घंटे में तय हो सकेगी, जिससे व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
अशोक शर्मा ने कहा कि मेरठ के बाद नमो भारत कॉरिडोर का विस्तार हरियाणा की ओर होना प्रदेश की जनता के लिए बड़ी सौगात है। सराय काले खां से लेकर हरियाणा सीमा तक कई नए स्टेशन विकसित किए जाने की योजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। इससे न केवल दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि औद्योगिक और कृषि क्षेत्र को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि करनाल, पानीपत और सोनीपत जैसे शहर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से और अधिक जुड़ेंगे, जिससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, तेज और आधुनिक परिवहन व्यवस्था से प्रदूषण में कमी आएगी और सड़क यातायात का दबाव भी घटेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र व राज्य सरकार से आग्रह किया कि परियोजना का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए तथा करनाल में स्टेशन के आसपास आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर हरियाणा के समग्र विकास को नई दिशा देगा और आने वाले वर्षों में क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम करेगा।
अशोक शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण खाप इस जनहितकारी परियोजना का समर्थन करती है और क्षेत्र के विकास से जुड़े हर सकारात्मक कदम में सरकार के साथ खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *