अंबाला, 22 फरवरी। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल विभाग हरियाणा, पंचकूला द्वारा आगामी सत्र 2026-27 के लिए सरकारी, निजी शिक्षण संस्थानों तथा ग्राम पंचायतों में खेल नर्सरियां संचालित की जाएंगी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर उन्हें सुनियोजित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
उपायुक्त ने बताया कि योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह तथा 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि खेल नर्सरी में नियुक्त प्रशिक्षकों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर मानदेय दिया जाएगा। एनआईएस डिप्लोमा धारक प्रशिक्षकों को 25,000 रुपये प्रतिमाह तथा सिक्स वीक सर्टिफिकेट कोर्स, बी.पी.एड., एम.पी.एड. अथवा नेशनल लेवल खिलाड़ी को 20,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया गया है।
यदि कोई शिक्षण संस्थान अथवा ग्राम पंचायत नियमानुसार सफलतापूर्वक खेल नर्सरी का संचालन करती है तो उस नर्सरी को माननीय मुख्यमंत्री, हरियाणा सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि खेल नर्सरी में चयनित खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पदक अर्जित कर छात्रवृत्ति के पात्र बन सकेंगे।
खेल नर्सरियों में आर्चरी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बेसबॉल, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, कैनोइंग, साइक्लिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, जिम्नास्टिक्स, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कबड्डी, लॉन टेनिस, नेटबॉल, रोइंग, शूटिंग, सॉफ्टबॉल, स्विमिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग, वुशु, कराटे, खो-खो, क्रिकेट, योग, स्केटिंग तथा इक्वेस्ट्रियन जैसे विभिन्न खेल शामिल किए गए हैं।
उपायुक्त ने सभी पात्र शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों एवं इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाकर जिले में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने में सहयोग करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *