निगम जमीन पर लगाएं चेतावनी बोर्ड, ठेके पर दी गई भूमि की वसूली करें पूरी, भूमि शाखा के साथ बैठक कर निगमायुक्त ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश।
करनाल 28 जनवरी,

नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बुधवार को भूमि शाखा के साथ बैठक कर सख्त निर्देश देते कहा कि नगर निगम की भूमि व जोहड़ को कब्जा मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि कब्जाधारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि कोई दोबारा से कब्जा करने की कोशिश न करे।
उन्होंने निर्देश दिए कि कब्जा छुड़वाने के बाद जमीन व जोहड़ पर चेतावनी बोर्ड प्रदर्शित किया जाए, ताकि कोई अन्य व्यक्ति ऐसी गलती न करे। उन्होंने कहा कि नगर निगम की जो भूमि खाली पड़ी है, उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। कहीं पर भी कब्जा न होने दिया जाए। अगर कोई भी व्यक्ति कब्जा करता पाया जाता है, तो उसके विरूद्घ नगर निगम अधिनियम 1994 की धारा 408 के तहत केस दायर कर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जिन व्यक्तियों द्वारा नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है, उसकी सूची तैयार कर ली गई है, जल्द ही उनके विरूद्घ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भूमि व जोहड़ को कब्जा मुक्त करवाने के बाद उस जगह पर तारबंदी या चारदीवारी करवाई जाए। इसके बाद चेतावनी बोर्ड भी अवश्य लगाया जाए।
उन्होंने ठेके पर दी गई भूमि की ठेका राशि का बकाया वसूलने के भी निर्देश दिए। बता दें कि नगर निगम द्वारा विभिन्न गांवो में मौजूद कृषि योग्य भूमि को करीब 81 लाख 53 हजार रुपये में ठेके पर दिया गया था। इसमें से करीब 78 लाख रुपये नगर निगम कार्यालय में जमा हो चुके हैं। निगमायुक्त ने शेष राशि को 1 सप्ताह में वसूलने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में नायब तहसीलदार राम कुमार, पटवारी ईश्वर सिंह, सहायक मनोज मान, पूर्व सीएमजीजीए करण शर्मा व जशनजीत सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *