अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर में शोरूमों की जानकारी लेने के लिए रोजाना पहुंच रहे सैकड़ों लोग
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नाइट फूड स्ट्रीट का निरीक्षण करते हुए वाटरप्रूफ छतरियां लगाने व ओपन सिटिंग एरिया बेहतर बनाने के निर्देश दिए
ऊर्जा मंत्री ने फायर ब्रिगेड बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया, करोड़ों की लागत बनी बिल्डिंग

अम्बाला/चंडीगढ़, 28 जनवरी – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने आज अम्बाला छावनी के तीन बड़े प्रोजेक्टों अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर, नाइट फूड स्ट्रीट और फायर ब्रिगेड बिल्डिंग के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए नगर परिषद अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों को दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान श्री विज ने कहा अम्बाला छावनी की जनता की सुविधा हेतु इन तीन बड़े प्रोजेक्टों पर निर्माण कार्य चल रहा है जोकि अंतिम चरणों में है। इनके पूरा होते ही जनता को इसका लाभ मिलगा और तीनों प्रोजेक्ट छावनी के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। गौरतलब है कि अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर, नाइट फूड स्ट्रीट और फायर ब्रिगेड बिल्डिंग का निर्माण कार्य करोड़ों रुपए की लागत से किया जा रहा है जोकि अपने निर्माण के अंतिम चरणों में है।

अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर में शोरूमों की जानकारी लेने के लिए रोजाना पहुंच रहे सैकड़ों लोग
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने निर्देश दिए कि अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर में पहले चरण के कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि यहां शिफ्ट होने वाले बैंकों यहां अपना कामकाज प्रारंभ कर सकेंगे। इस दौरान मंत्री विज ने बताया कि लगभग 111 करोड़ रुपए की लागत से पहले चरण का कार्य पूरा होने वाला है जबकि दूसरे चरण के कार्य के टेंडर भी आगामी दिनों में जल्द अलॉट किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैंकों के यहां पर शिफ्ट होने से बाजारों में भीड़ भाड कम होगी तथा एक ही छत के नीचे लोगों को बैंकिंग सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि यहां आने वाले लोगों के बैठने के लिए बेंच व अन्य जन सुविधाओं में इजाफा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों व निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण का कार्य मार्च माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में बन रहे भवन में 44 शोरूम का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है और पहले चरण का कार्य अंतिम चरणों में है। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग बैंक स्क्वेयर में शोरूम की स्थिति की जानकारी लेने के लिए रोजाना आ रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रथम चरण के कार्य के तहत तीन मंजिला भवन में कुल 44 शोरूम बनकर तैयार है जिसमें पहले फ्लोर में 17 शोरूम, दूसरे फ्लोर में 14 और तीसरे फ्लोर में 13 शोरूम है। इसी प्रकार यहां लोगों की सुविधाओं के लिए चार अलग-अलग लिफ्ट है। बेसमेंट व ग्राउंड फ्लोर पर 317 कारों को एक साथ करने के लिए पार्किंग सुविधा है। यहां 70 किलो लीटर प्रतिदिन का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) है।
इसी प्रकार द्वितीय चरण में बनने वाले भवन में कुल 54 शोरूम बनेंगे जिनमें पहले फ्लोर पर 17 शोरूम, दूसरे फ्लोर पर 17 और तृतीय फ्लोर पर 20 शोरूम होंगे। यहां 5 लिफ्ट होगी जबकि 450 लोगों के एक साथ बैठने की क्षमता का आडिटोरियम भी बनेगा। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की तरफ से द्वितीय चरण निर्माण हेतु 64.47 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नाइट फूड स्ट्रीट का निरीक्षण करते हुए वाटरप्रूफ छतरियां लगाने व ओपन सिटिंग एरिया बेहतर बनाने के निर्देश दिए
जगाधरी रोड पर नाइट फूड स्ट्रीट में निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद अधिकारियों को यहां सुविधाओं में और इजाफा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाइट फूड स्ट्रीट के ठीक साथ ओपन स्पेस में लोगों के बैठने के लिए टेबल व कुर्सियां लगाने के साथ-साथ यहां वॉटर प्रूफ छतरी भी लगाई जाए ताकि यहां लोग बैठकर लजीज व्यंजनों का आनंद ले सके। इसके अलावा यहां सुंदर लाइटें व बैठने के लिए अन्य प्रबंध किए जाए। उन्होंने दुकानों के आगे शेल्फ बनाने व अन्य दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपए की लागत से नगर परिषद द्वारा नाइट फूड स्ट्रीट का निर्माण किया जा रहा है। यहां 60 दुकानें बन चुकी है जिनमें 40 वेज व 20 नॉन वेज दुकानें होगी। बेहतरीन व्यंजन लोगों को मिले इसके लिए दुकानों को अलॉट करने की प्रक्रिया भी नगर परिषद द्वारा प्रारंभ कर दी गई है।
पूरी मार्केट वातानुकूलित होगी तथा वाहनों को खड़ा करने के लिए नाइट फूड स्ट्रीट के ठीक साथ पार्किंग सुविधा भी होगी। मार्केट की डेकोरेशन व ब्यूटीफिकेशन की जाएगी ताकि यहां आने वाले लोगों को अच्छा महसूस हो। यहां पर ग्रेनाइट पत्थर का फ्लोर एवं अन्य प्रावधान भी किए गए हैं। यहां ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया जाएगा जिससे दुकानों से निकलने वाले वेस्ट खाद्य पदार्थों एवं पानी को ट्रीटमेंट प्लांट में ट्रीट करने के बाद नाले में फेंका जाएगा।

ऊर्जा मंत्री ने फायर ब्रिगेड बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया
वहीं, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आज फायर ब्रिगेड बिल्डिंग का भी निरीक्षण करते हुए इसके निर्माण की प्रगति रिपोर्ट जानी। नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य आगामी कुछ ही दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। मंत्री अनिल विज ने बिल्डिंग परिसर का मुआयना करते हुए स्टाफ सुविधाओं का जायजा लिया तथा इसके साथ बन रहे रेजिडेंस ब्लॉक का भी निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि लगभग 16 करोड़ रुपए की लागत से तीन मंजिला फायर ब्रिगेड कार्यालय की मुख्य बिल्डिंग और 5 मंजिला रेजिडेंस ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि कार्यालय की तीन मंजिला मुख्य बिल्डिंग में 15 फायर ब्रिगेड गाड़ियों को खड़ा करने की सुविधा होगी जबकि कार्यालय में कई कमरे होंगे। इसी प्रकार इसके ठीक साथ स्टाफ के लिए बन रहे पांच मंजिला रेजिडेंस ब्लॉक में थ्री-बीएचके के 10 फ्लैट होंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *