संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर उमरी में होगा महाकुंभ:कृष्ण लाल पंवार
प्रदेश सरकार 31 जनवरी को उमरी में राज्य स्तरीय जयंती कार्यक्रम का करेगी आयोजन,मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे कार्यक्रम में शिरकत,संत-महापुरुषों की शिक्षाओं और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचा रही सरकार,प्रदेश स्तरीय समारोह में प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचेंगे सभी समाज के लोग
उमरी में 124 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा संत शिरोमणि गुरु रविदास भवन व म्यूजियम
कुरुक्षेत्र, 28 जनवरी
। हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि कुरुक्षेत्र के उमरी में आयोजित होने वाली संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती पर महाकुंभ होगा। गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह 31 जनवरी को कुरुक्षेत्र जिले के उमरी में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार स्वयं करेंगे। इस समारोह में प्रदेशभर से भारी संख्या में भीड़ उमड़ेगी।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार बुधवार को कुरुक्षेत्र के उमरी में समारोह स्थल का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। इससे पहले कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पुनिया, भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, जिला परिषद के वाईस चेयरमैन डीपी चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी ललित माट ने उमरी कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों, विधायकों, अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ-साथ प्रदेशभर के सामाजिक, धार्मिक संगठनों और आम नागरिकों को भी इस समारोह में भाग लेने के लिए निमंत्रण दिया जाएगा, ताकि गुरु रविदास के विचारों और संदेशों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के महान संत थे। उन्होंने अपने उपदेशों और वाणी के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव, छुआछूत और जातिगत असमानता के विरुद्ध सशक्त आवाज उठाई। गुरु रविदास के विचार आज भी समाज को एकजुट करने और समानता का संदेश देने के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों की शिक्षाओं और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘संत-महापुरुष विचार प्रसार एवं सम्मान योजना’ के तहत निरंतर उनकी जयंती और स्मृति समारोह आयोजित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी महान विभूतियों की शिक्षाएं पूरे मानव समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार का उद्देश्य है कि नई पीढ़ी संत-महापुरुषों के जीवन, विचारों और कार्यों से प्रेरणा लेकर सही दिशा में आगे बढ़े।
हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास किसी एक समाज के संत नहीं थे, वो समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण व उत्थान के लिए कार्य करने वाले रहे हैं। ऐसे महान संत की 649वीं जयंती पर आयोजित प्रदेश स्तरीय समारोह में प्रदेश के कोने-कोने से सभी समाज के लोग पहुंचेंगे। इसके साथ ही अन्य प्रदेशों से प्रमुख संत समाज व बुद्धिजीवी भी समारोह में हिस्सा लेंगे।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि उमरी में 124 करोड़ रुपए की लागत से संत शिरोमणि गुरु रविदास भवन व म्यूजियम को बनाया जाएगा, जो संत रविदास के जीवन, शिक्षाओं और भक्ति आंदोलन को समर्पित होगा। इस परियोजना का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया चली हुई है, इसके बाद इसे हाई पावर परचेज कमेटी से पास करवाकर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। भवन में सबसे ऊपर गुरु रविदास की 38 मीटर की मूर्ति लगाई जाएगी, जो नेशनल हाईवे से आने-जाने वालों को स्पष्ट नजर आएगी। पांच एकड़ जगह में 124 करोड़ रुपए की लागत से गुरु रविदास भवन व म्यूजियम का निर्माण करवाया जाए। इस परियोजना का करीब 90 करोड़ रुपए की लागत के कार्यों की टेंडर प्रक्रिया चली हुई है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मंत्री कृष्ण लाल पंवार को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा समारोह की सभी तैयारियों को पुरजोर तरीके से किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आईएएस व एचसीएस अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। समारोह स्थल को 10 सेक्टरों में बांटा गया है।  सभी सेक्टरों में नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *