डीसी ने जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल में तैयारियों का लिया जायजा। प्रतिभागियों ने फुल ड्रेस रिहर्सल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मार्च पास्ट का किया प्रदर्शन। खेल मंत्री गौरव गौतम होंगे जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि।
रेवाड़ी जिला मुख्यालय पर 26 जनवरी को मनाए जाने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में निर्धारित शेड्यूल अनुरूप हुआ। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान डीसी अभिषेक मीणा ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों का जायजा लिया और सभी संबंधित अधिकारियों व परेड, मार्च पास्ट व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के इंचार्ज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फुल ड्रेस रिहर्सल में डीसी अभिषेक मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, साथ ही परेड का निरीक्षण किया व मार्च पास्ट की सलामी ली। फुल ड्रेस रिहर्सल में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य गतिविधियों का शानदार प्रदर्शन किया।
डीसी अभिषेक मीणा ने फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मार्च पास्ट सहित अन्य गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी गणतंत्र दिवस से पूर्व अपनी-अपनी गतिविधियों को अंतिम रूप देना सुनिश्चित करें ताकि समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन गरिमामयी ढंग से किया जा सके। गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम देशभक्ति से ओतप्रोत सहित प्रेरणादायक एवं शिक्षाप्रद होंगे।
इस अवसर पर एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा, एडीसी राहुल मोदी, सीटीएम जितेंद्र कुमार, डीएसपी पवन कुमार, डीएसपी डॉ रविन्द्र, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीईओ बिजेंद्र हुड्डा और डीईईओ प्रदीप दहिया सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। समारोह में मंच संचालन प्राचार्य एवं साहित्यकार सत्यवीर नाहडिय़ा द्वारा किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम नोडल अधिकारी एवं कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. ज्योत्स्ना यादव व प्रवक्ता पूनम यादव की देखरेख में राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन किया जा रहा है।
रेवाड़ी जिला मुख्यालय सहित उपमंडल कोसली व बावल में भी गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामयी व भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इस बार रेवाड़ी जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम, उपमंडल बावल में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय समारोह में विधायक डा. कृष्ण कुमार तथा कोसली में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय समारोह में विधायक कोसली अनिल यादव बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने उपरांत परेड का निरीक्षण किया जाएगा और मार्च पास्ट की सलामी ली जाएगी।
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों और युद्ध वीरांगनाओं का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं अंत्योदय उत्थान की भावना पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां निकाली जाएगी जिसमें बच्चों के शैक्षणिक विकास, महिला सशक्तिकरण, लिंगभेद, कन्या भू्रण हत्या, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान भारत, अंत्योदय भावना के साथ पंक्ति में अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने और सडक़ सुरक्षा आधारित थीम पर प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें खेल विभाग, हरियाणा राज्य परिवहन, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, शहरी निकाय, वन विभाग व बागवानी विभाग की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह पर झांकियों के माध्यम से विभागीय योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राजकीय मॉडल विद्यालय जलियावास से विद्यार्थी मलखंभ सहित आत्मरक्षा की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा जैन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी देशभक्ति नृत्य, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं राजस्थानी नृत्य, राज इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी कश्मीरी नृत्य और आरपीएस स्कूल के विद्यार्थी हरियाणवी लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियों से समारोह में समा बांधेंगे। वहीं प्रथम इंटरनेशनल स्कूल छुरियावास की छात्राएं राष्ट्रगान की प्रस्तुति देंगी। सांस्कृतिक टीम के साथ ही गुरुकुल किशनगढ़ घासेड़ा के प्रतिभागियों द्वारा योग व सूर्य नमस्कार भी किया जाएगा।
