खबर सिरसा से हैं जहां जिले में वीरवार को एक पाकिस्तानी गुब्बारा पाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद एएसपी फैसल खान भी मौके पर पहुंचे और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बॉर्डर एरिया होने के कारण ऐसा है, इसे कब्जे में ले लिया है।
मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
जानकारी के अनुसार, यह घटना रानियां के मत्तुवाला गांव की है, जहां पर खेतों में यह पाकिस्तानी गुब्बारा पाया गया है। यह गुब्बारा मत्तुवाला गांव के पूर्व सरपंच मदन लाल के खेत में मिला। मदन लाल ने सुबह लगभग 9 बजे अपने खेत में गुब्बारा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एएसपी फैसल खान और जीवन नगर चौकी इंचार्ज घटनास्थल पर पहुंचे। इसकी सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
केसरिया-सफेद रंग, PAK लिखा
गुब्बारे का रंग केसरिया और सफेद है। इस पर एक तरफ ‘PAK’ लिखा हुआ है और दूसरी तरफ ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ अंकित है। वहीं एसपी फैसल खान का कहना है कि इस तरह की पहले भी घटनाएं हुई है। गुब्बारे को कब्जे में ले लिया है और इसे जांच के लिए भेजा जाएगा।
ऐसी घटनाएं बॉर्डर एरिया में पहले हो चुकी है
पुलिस के अनुसार, यह घटना ऐसे क्षेत्र में हुई है, जो पाकिस्तान, पंजाब और राजस्थान की सीमाओं के नजदीक है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिसके चलते प्रशासन हमेशा अलर्ट रहता है। कुछ समय पहले पाकिस्तान की ओर से ड्रोन गतिविधियों में वृद्धि देखी गई थी, हालांकि अब उनमें कमी आई है।
