ऑल इंडिया रैंक में 6वां स्थान पाकर 23 वर्ष की आयु में ही जज बने भारत जांगड़ा
सोशल मीडिया एवं मोबाइल से दूरी सफलता के लिए जरूरी
जज बनकर भारत जांगड़ा ने पूरे कुरुक्षेत्र जिले को 
किया गौरवान्वित
कुरुक्षेत्र, 24 दिसम्बर।
 जीवन में यदि बुलन्दियों के शिखर तक पहुंचना है तो उसके लिए कड़ी मेहनत एवं निरंतर प्रयास करते रहना बहुत आवश्यक है। जीवन में कड़ा परिश्रम एवं सकारात्मकता ही जीवन में सफलता का मूल मंत्र है। यह विचार हाल ही में ऑल इंडिया रैंक में 6वां स्थान पाकर न्यायधीश बने कुरुक्षेत्र जिले के थानेसर शहर के भारत जांगड़ा ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि कडे़ परिश्रम के साथ-साथ निरंतरता द्वारा अपने लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।  उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने परिवार के सदस्यों एवं गुरुजनों को दिया जिन्होंने समय-समय पर उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए सोशल मीडिया एवं मोबाइल से दूरी सफलता के लिए जरूरी है।
भारत जांगड़ा ने ऑल इंडिया रैंक में 6वां स्थान पाकर केवल 23 वर्ष की आयु में न्यायाधीश बनने के अपने दादा एवं दादी स्वर्गीय रोशन लाल जांगड़ा व शांति देवी के सपने को साकार कर लिया। वहीं इस परीक्षा के टॉप 10 में भारत जांगड़ा सहित 9 लड़कियों ने अपना स्थान बनाया। गौरतलब है कि भारत जांगड़ा ने स्कूली शिक्षा से लेकर पंजाब यूनिवसिर्टी, चंडीगढ़ तक सभी कक्षाओं में टॉप किया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध मूर्तिकार एवं उनके पारिवारिक सदस्य मोहन लाल जांगड़ा, तारो देवी व विजय जांगड़ा ने पूरे परिवार को बधाई दी एवं स्मृति चिह्न देकर उन्हें सम्मानित किया। मूर्तिकार मोहन लाल जांगड़ा ने कहा कि भारत जांगड़ा ने जज बनकर न केवल जांगड़ा परिवार बल्कि पूरे कुरुक्षेत्र जिले को गौरवान्वित किया है।

बॉक्स
जोधपुर न्यायिक अकादमी में होगा एक वर्ष का प्रशिक्षण

भारत जांगड़ा ने बताया कि राजस्थान के जोधपुर स्थित न्यायिक अकादमी में उन्हें एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके बाद सिविल जज (जूनियर डिविजन) सह न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पद पर उन्हें ज्वाइनिंग मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के प्रथम प्रसाय में असफल होने पर उसने हिम्मत नहीं हारी तथा निरंतर कड़ी मेहनत एवं परिश्रम द्वारा दूसरे प्रयास में इसे पास किया।

बॉक्स
लोकतंत्र में न्याय सर्वोपरि

भारत जांगड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में न्याय सर्वोपरि है अर्थात कानून और न्याय के सामने कोई भी व्यक्ति, पद या प्रभाव बड़ा नहीं होता। उन्होंने कहा कि न्यायालय का पहला और अंतिम कर्तव्य निष्पक्षता, सत्य और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना है। उन्होंने यह भी कहा कि जब समाज को न्याय पर भरोसा होता है, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है।

बॉक्स
मां के स्नेह में अपार शक्ति

राजस्थान न्यायिक परीक्षा पास कर जज बने भारत जांगड़ा ने कहा कि उनकी प्रथम गुरु उनकी माता ममता जांगड़ा ही है जिनके स्नेह से अपार शक्ति पाकर ही उन्होंने जीवन में छोटी से बड़ी समस्याओं का सामना कर इस सफलता का प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता सोहन लाल जो कि अंबाला में जेल वॉर्डर के पद पर कार्यरत है, उन्होंने कभी भी किसी चीज की कमी को महसूस नहीं होने दिया। उनके पिता की कार्य के प्रति सच्ची निष्ठा एवं लगन के बल पर उन्हें 2018 में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित भी किया गया था।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *