कांग्रेस नेता बोले : ऐतिहासिक योजना को कमजोर करने के प्रयास न केवल महात्मा गांधी जी के विचारों का अपमान है, बल्कि ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और संविधान की मूल भावना पर प्रहार
करनाल, 21 दिसंबर () : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर भाजपा सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के नाम में परिवर्तन किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने महात्मा गांधी चौक पर रोष प्रदर्शन और भाजपा सरकार से मनरेगा के नाम में परिवर्तन का फैसला वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पराग गाबा तथा ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजेश वैद्य ने किया। नेताओं ने कहा कि मनरेगा देश की सबसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसने ग्रामीण भारत के करोड़ों गरीबों, मजदूरों और किसानों को रोजगार और सम्मानजनक जीवन का सहारा दिया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के नाम परिवर्तन तथा इस ऐतिहासिक योजना को कमजोर करने के प्रयास न केवल महात्मा गांधी जी के विचारों का अपमान है, बल्कि ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और संविधान की मूल भावना पर भी सीधा प्रहार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार मनरेगा के बजट में कटौती कर रही है और इस योजना को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी और गरीबी बढ़ने की आशंका है। पराग गाबा और राजेश वैद्य ने कहा कि महात्मा गांधी का नाम केवल एक पहचान नहीं बल्कि सत्य, अहिंसा और गरीबों के उत्थान का प्रतीक है। ऐसे में मनरेगा से उनका नाम हटाना पूरे देश की भावनाओं को आहत करने वाला कदम है। उन्होंने सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने मनरेगा के नाम में परिवर्तन का फैसला वापस नहीं लिया और इस योजना को कमजोर करने का प्रयास जारी रखा, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर राज्य व देशभर में व्यापक आंदोलन करेगी। इस अवसर पर डॉ. सुनील पंवार, पूर्व विधायक राकेश कांबोज, नाहर सिंह संधू, कृष्ण बसताड़ा, नैनपाल राणा, पप्पू लाठर, पंकज गाबा, सचिन बुढ़नपुर, जयभगवान, तेजी मान, संजय मेहला, सोनी शर्मा, बिंदर पोसवाल, दिलशेर डाचर, अनहद प्रताप, संदीप महाजन, ओम प्रकाश सलुजा, श्रवण पोसवाल, बलदेव बलहार, मुकेश चौधरी, राजेश चौधरी, सुरेश चौधरी, अनिल शर्मा, नवजोत कश्यप, शारदा सिंधु, गुरविंद्र कौर, रमेश जोगी, बलजीत चौहान, जितेंद्र पांचाल, सुरजीत सैनी, डॉ. अशोक जैन, सतीश भारद्वाज, गुरमीत सिंह, गौरव शर्मा, राहुल गुप्ता, कपिल, तरुण चौहान, परमजीत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
