सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा चीफ राम रहीम पैरोल पर बाहर आते ही सुर्खियां बटोरने लगा। राम रहीम ने सोमवार को तलवार से केक काटा। मौका था डेरे के दूसरे संत शाह सतनाम के जन्मदिन का। उसी को राम रहीम ने अपनी गद्दी सौंपी थी। केक काटने का वीडियो बागपत स्थित बरनावा डेरे का है। यह वीडियो वायरल हो गया है।

रेप और हत्या का दोषी राम रहीम रोहतक की सुनरिया जेल में 20 साल की सजा काट रहा है। वह पिछले 14 महीने में चौथी बार पैरोल पर बाहर आया है। 21 जनवरी को उसे 40 दिन की पैरोल मिली है।

बाहर आने के बाद राम रहीम ने 5 घंटे तक ऑनलाइन सत्संग किया। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के OSD, भाजपा के सासंद-विधायक भी जुड़े।

बोला- 5 साल बाद ऐसे सेलिब्रेशन का मौका मिला
जो वीडियो सामने आया है। उसमें राम रहीम कह रहा है कि इस तरह से जश्न मनाने का मौका 5 साल बाद मिला है। मुझे कम से कम 5 केक काटने चाहिए। यह पहला केक है।

राम रहीम से बात करते CM मनोहर के OSD कृष्ण बेदी।
राम रहीम से बात करते CM मनोहर के OSD कृष्ण बेदी।

CM के OSD और सांसद राम रहीम के सिरसा डेरे में पहुंचे
राम रहीम के सत्संग में हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्‌टर के OSD कृष्ण बेदी और राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार भी सिरसा पहुंचे। दोनों ने राम रहीम से बात की। OSD कृष्ण बेदी ने कहा कि 3 फरवरी को नरवाना में होने वाले संत रविदास जयंती समारोह का न्योता देने सिरसा आए हुए हैं।

राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार ने कहा कि पानीपत में पहले स्वच्छता अभियान चलाया था। वह मुझे याद है। आपका आशीर्वाद हम पर बना रहे। सिरसा से भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने कहा कि भगवान से प्रार्थना है कि जल्द से आपके कष्ट कटें। श्री कृष्ण जी आपको जल्दी सिरसा लेकर आएं।

विधायक, अधिकारी और चेयरमैन पहुंचे आशीर्वाद लेने
राम रहीम से आशीर्वाद लेने वालों में अंबाला सिटी से MLA असीम गोयल, गुहला चीका से भाजपा विधायक कुलवंत बाजीगर की बहू, SDM बराडा बिजेंद्र सिंह, और नगर पालिका चेयरपर्सन रेखा रानी, राई से विधायक मोहन लाल, टोहाना नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल, उचाना नगर पालिका के चेयरमैन भी शामिल थे। इनके अलावा 2 दर्जन नेता, अफसर उससे मिलने पहुंचे।

राम रहीम का तमाशा शुरू : स्वाति मालीवाल
दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने हरियाणा सरकार पर तंज कसे हैं। स्वाति मालीवाल ने ट्वीट किया, “फिर से रेपिस्ट और खूनी पाखंडी राम रहीम का तमाशा शुरू, हरियाणा CM के OSD और राज्यसभा सांसद ने फर्जी बाबा के दरबार में हाजरी लगाई। खट्‌टर साहब सिर्फ बोलने से काम नहीं चलेगा कि आपका इससे कोई लेना देना नहीं। खुल कर अपना स्टैंड बताओ कि रेपिस्ट के साथ हो या महिलाओं के।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *