प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहली बार पहुंचेंगे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में
25 नवंबर को कुरुक्षेत्र की धरा पर प्रधानमंत्री का आगमन लगभग तय
प्रदेश के नागरिकों को देंगे विभिन्न प्रोजैक्ट और परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा
कुरुक्षेत्र 3 नवंबर हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर श्री गुरुतेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 में शामिल होकर महोत्सव के साथ एक नया अध्याय जोड देंगे। इस विषय को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है।
हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा सोमवार को यमुनानगर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलने के साथ-साथ 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुरुक्षेत्र आगमन को लेकर विस्तार से चर्चा भी की गई। पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से संत महापुरुष सम्मान एवं प्रचार प्रसार योजना के अंतर्गत कुरुक्षेत्र की धरा पर 25 नवंबर को श्री गुरुतेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस मनाया जा रहा है। इस शहीदी दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आना लगभग आना तय हो चुका है। इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात हुई है और उन्होंने तैयारियां करने के लिए कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे और ब्रह्मसरोवर के पवित्र जल का आंचमन भी करेंगे। इस महोत्सव में पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक नया इतिहास भी रचेंगे और इस महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नया मुकाम भी हासिल होगा। इन कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रधानमंत्री हरियाणा वासियों को विभिन्न परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक ही दिन में कुरुक्षेत्र के लगभग 2 या 3 कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर प्रदेश स्तर के प्रशासनिक अधिकारी भी कुरुक्षेत्र का भ्रमण कर चुके है। इन ऐतिहासिक लम्हों को लेकर अब कुरुक्षेत्र वासियों को बेसबरी के साथ इंतजार रहेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *