मैराथन के सफल आयोजन को लेकर डीसी ने की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल होंगे मुख्य अतिथि
करनाल, 3 नवम्बर
।  श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित हिन्द दी चादर ‘रन’ मैराथन के सफल आयोजन को लेकर डीसी उत्तम सिंह ने आज लघु सचिवालय के सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक ली, उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने बताया कि 9 नवम्बर को करनाल में हिन्द दी चादर ‘रन’ मैराथन का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि होंगेे। यह मैराथन एनडीआरआई चौक से शुरू होगी, केंद्रीय मंत्री यहीं से मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि इस विशाल मैराथन में जिला व प्रदेश भर से करीब 50 हजार से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है, जिसमें प्रोफेशनल एथलीट भी शामिल होंगे। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित जिम्मेदारी का निर्वहन निष्ठा से करें। यह धार्मिक कार्यक्रम है, इसको लेकर छोटी से छोटी बातों का भी विशेष ध्यान रखा जाए, कहीं पर भी लापरवाही ना हो। उन्होंने कहा कि मैराथन में जिला के सभी अधिकारी व कर्मचारी भाग लेना सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस अधिकारी को निर्देश दिए कि मधुबन पुलिस कॉम्प्लैक्स में प्रशिक्षु पुलिस कर्मियों को भी इस मैराथन में शामिल किया जाए। जिला खेल अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी मैराथन में भाग लेने के लिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं को  http://uday.haryana.gov.in/hind_ki_chadar   लिंक पर रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने खेल अधिकारी को निर्देश दिए कि 21 किलोमीटर की मैराथन में ऐसे रनर को शामिल किया जाए जो अक्सर मैराथन में भाग लेते आ रहे हैं। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि 60 वर्ष से अधिक आयु के रनर को भी इस मैराथन में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी को निर्देश दिए कि मैराथन का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए तथा करनाल शहर की मुख्य सडक़ों व चौकों पर लगी एलईडी स्क्रीन पर मैराथन के बारे में प्रचार करवाया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा प्रतिभागी भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि मैराथन में भाग लेने वाले स्कूली प्रतिभागियों को पहले से ही पटके वितरित किए जाएं और स्कूल बस में उनकी रिफ्रेशमेंट रखवाई जाए। उन्होंने आरटीए व जीएम रोडवेज को निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थाओं के बच्चों को कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए आवश्यकतानुसार बसों की व्यवस्था करवाएं।
उन्होंने कहा कि मैराथन शुभारंभ कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा भव्य ढंग से करवाई जाए और इसके अलावा पूरे रूट पर भी साफ-सफाई, सडक़ की मरम्मत करवाई जाए। मैराथन के रूट पर सामाजिक संस्थाओं द्वारा स्वागत गेट लगाए जाएंगे, इसके अलावा पेयजल इत्यादि का भी प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम के अधिकारी को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल तथा पार्किंग स्थल पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करवाएं तथा जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पेयजल का प्रबंध करवाना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध बिजली की व्यवस्था रखें। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि एंबुलेंस व मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगवाएं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को यह भी कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 10 टीमों का चयन किया जाए और सभी कार्यक्रम आध्यात्मिकता से जुड़े हों।
 हिन्द दी चादर ‘रन’ मैराथन का तीन वर्गों में होगा आयोजन
बैठक में एसडीएम अनुभव मेहता ने हिन्द दी चादर ‘रन’ मैराथन के सफल आयोजन को लेकर अब तक की तैयारियों के बारे में बताया कि हिन्द दी चादर ‘रन’ मैराथन का रूट फाइनल हो चुका है। मैराथन का शुभारंभ एनडीआरआई के गेट से होगा।  उन्होंने बताया कि मैराथन का आयोजन तीन वर्गों में किया जाएगा। इनमें 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर व 21 किलोमीटर की मैराथन शामिल हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *