चेयरमैन एवं रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने सदस्य गवर्नमेंट चीफ व्हीप एवं इंद्री से विधायक राम कुमार कश्यप व नारनौंद से विधायक जस्सी पेटवाड़ के साथ किया निरीक्षण। कहा पर्यावरण संरक्षण व प्रदूषण नियंत्रण पर पूरा फोकस। कमेटी के निर्देश- नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्यवाही सुनिश्चित होगी।
एंकर :: हरियाणा विधानसभा द्वारा गठित पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण कमेटी के चेयरमैन एवं रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की अध्यक्षता में कमेटी के अन्य सदस्यगण व संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ रेवाड़ी जिला में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों सहित अन्य पर्यावरणीय पहलुओं की जानकारी ली। रेवाड़ी जिला में साहबी मसानी बैराज, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व रामसिंह पुरा स्थित डंपिंग यार्ड व्यवस्था सहित जड़थल में रोपित किए गए पौधों का कमेटी सदस्यगण द्वारा जायजा लिया गया। वहीं प्रदूषण कंट्रोल, सिंचाई, वन, जनस्वास्थ्य और शहरी स्थानीय निकाय विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक कर पर्यावरण सुरक्षा व प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण से पूर्व लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में स्थानीय विधायक लक्ष्मण सिंह यादव द्वारा कमेटी के सदस्यगण गवर्नमेंट चीफ व्हीप एवं इंद्री से विधायक राम कुमार कश्यप और नारनौंद से विधायक जस्सी पेटवाड़ सहित अन्य उच्च अधिकारियों का रेवाड़ी पहुंचने पर स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव प्रदीप डागर, सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर एस.के.यादव, चीफ इंजीनियर भूपेंद्र सिंह, विधानसभा से सीनियर एनालिस्ट सुनील नैन, एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार, डीएमसी ब्रह्म प्रकाश, शहरी निकाय से चीफ इंजी.हेमंत कुमार, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसई सतीश राठी, कार्यकारी अभियंता वी.पी चौहान व बावल के कार्यकारी अभियंता अशोक कुमार, सिंचाई विभाग के एसई ए.के.रघुवंशी व कार्यकारी अभियंता विजय कुमार भाटोटिया, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से क्षेत्रीय अधिकारी निपुण गुप्ता, नगर परिषद ईओ सुशील कुमार, कार्यकारी अभियंता अंकित वशिष्ठï, भाजपा नेता बिजेंद्र डहीना सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
प्रदूषण एवं पर्यावरण की विधानसभा कमेटी के चेयरमैन एवं विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि यह स्वच्छ समाज की संरचना करने में हरियाणा विधानसभा की सार्थक पहल है कि प्रदेश में पहली बार पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण कमेटी का गठन स्वच्छ वातावरण की परिकल्पना को साकार करने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण व प्रदूषण नियंत्रण पर सरकार व विधानसभा का पूरा फोकस है और आमजन को स्वच्छ माहौल प्रदान करने के लिए योजनाबद्ध कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण आज की सबसे बड़ी समस्या है जोकि चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस कमेटी के चेयरमैन होने के नाते उन्होंने अपने ही जिला से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाने की पहल की है और कमेटी के सदस्यगण के साथ प्रदूषण नियंत्रण हेतु विभागीय स्तर पर किए गए प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदूषण कम करने को लेकर उचित कदम उठाए जाएं। इसके लिए विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने होंगे। उन्होंने प्लास्टिक फ्री रेवाड़ी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार चालान करने के आदेश दिए। साथ ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से गंदे पानी को ट्रिट करते हुए उसकी आपूर्ति खेती व अन्य संसाधनों के रूप में उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। वहीं डोर टू डोर कचरे उठाने वाली गाडिय़ों में अलग-अलग चार बॉक्स लगाने के निर्देश शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों को देते हुए कहा कि इन बॉक्सों में गीला, सूखा, प्लास्टिक व अन्य कचरा अलग-अलग डालने के लिए लोगों को जागरूक करें ताकि कचरे का सही से निस्तारण हो सके। इस दौरान उन्होंने मसानी बैराज में जमा पानी को लेकर भी अधिकारियों को इस समस्या का जल्द समाधान करने को कहा। कमेटी के चेयरमैन एवं विधायक रेवाड़ी ने बताया कि मसानी बैराज को लेकर करीब 219 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट बनाकर ड्रेन नंबर आठ तक पाइप लाइन के द्वारा पानी पहुंचाने की रूपरेखा तैयार की गई है। इसमें करीब एक साल का समय संबंधित विभागों के द्वारा लिया गया है जिसके बाद साहबी मसानी बैराज के साथ लगते गांवों में गंदे पानी के जलभराव की स्थिति से स्थाई रूप से निदान होगा। निरीक्षण के दौरान गवर्नमेंट चीफ व्हीप एवं इंद्री से विधायक राम कुमार कश्यप और नारनौंद से विधायक जस्सी पेटवाड़ ने संयुक्त रूप से कहा कि कमेटी का यह पहला दौरा है और अधिकारियों द्वारा दी गई समयावधि के साथ ही दोबारा कमेटी सदस्यगण निरीक्षण करते हुए अपडेट रिपोर्ट लेंगे।
विधानसभा कमेटी सदस्यगण ने संबंधित अधिकारियों के साथ रेवाड़ी शहर में स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान कमेटी सदस्यों ने सीवरेज के पानी को ट्रीट करने की सभी विधियों का जायजा लिया। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कमेटी को प्लांट की कार्यशैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कमेटी ने गांव कालूवास स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी जायजा लेते हुए उचित दिशा-निर्देश दिए।
विधानसभा कमेटी ने रामसिंह पुरा क्षेत्र में बनाए गए डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया। कमेटी ने लाखों मीट्रिक टन में एकत्रित कचरे के जल्द निस्तारण को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि कचरे के निस्तारण को लेकर मशीनों से लगाकर दिन रात कार्य किया जा रहा है। करीब आठ माह में डंपिंग यार्ड के सारे कचरे का निस्तारण कर दिया जाएगा। इस दौरान कमेटी को बताया गया कि कचरे के निस्तारण को लेकर लगाई गई मशीनें कचरे से बारीक खाद, रेता बनाने के साथ-साथ प्लास्टिक को अलग कर रही हैं। कमेटी ने तय समय में कचरा निस्तारण के निर्देश दिए।
विधानसभा कमेटी ने अधिकारियों के साथ साहबी मसानी बैराज का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से गंदे पानी को बैराज में न पहुंचने बारे की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नक्शे के माध्यम से कमेटी सदस्यों को बताया कि इस बैराज के पानी को ड्रेन नंबर आठ में डालने की योजना का प्रोजेक्ट बनाकर कार्य किया जा रहा है। इसमें पाइप लाइन के माध्यम से मसानी बैराज के पानी को ड्रेन नंबर आठ में डाला जाएगा। उन्होंने बताया कि बैराज में निस्तारण किया हुआ पानी ही पहुंचने इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारी पूरी सजगता रखें और यदि कोई नियमों की अवहेलना करता है तो उस पर कार्यवाही सुनिश्चित करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *