वंदे मातरम गीत के 150 साल पूरे होने पर आयोजित होंगे कार्यक्रम
गुरु तेग बहादुर जी के 350 वें शहीदी दिवस पर निकाली जाएगी यात्राएं, 19 नवंबर को करनाल पहुंचेगी यात्रा
डीसी उत्तम सिंह ने ली अधिकारियों की बैठक, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
करनाल, 25 अक्तूबर।  
    डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा।साथ ही वंदे मातरम गीत के 150 साल पूरे होने पर भी कार्यक्रम का आयोजन होना है। इसके बाद श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में प्रदेशभर में यात्राएं निकाली जाएंगी।इन सभी राष्ट्रीय और धार्मिक महत्व के आयोजनों की संवेदनशीलता को देखते हुए  संबंधित अधिकारी सभी आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करें।
डीसी उत्तम सिंह शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। इससे पहले चंडीगढ़ से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को इन कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीसी ने बैठक में निर्देश दिए कि इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक सुविधाओं के लिए विस्तृत और चरणबद्ध योजना बनाई जाए।

 रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को राष्ट्रीय एकता के महत्व के प्रति जागरूक करना
डीसी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को प्रदेशभर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। इस दौड़ का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को राष्ट्रीय एकता के महत्व के प्रति जागरूक करना और सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही शहर में एक पद यात्रा भी निकाली जाएगी। जिसकी तिथि जल्द ही निर्धारित कर ली जाएगी। उन्होंने सभी जिला वासियों से आह्वान किया कि वे रन फॉर यूनिटी में बढ़चढ़ कर भाग लें।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350 साला शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली यात्रा 19, 20, 21 और 22 नवंबर को करनाल से होकर गुजरेगी। ये यात्रा महान गुरु द्वारा प्रचारित शांति, त्याग और सांप्रदायिक सद्भाव के शाश्वत संदेश देकर जाएगी। इस दौरान संगत द्वारा श्रद्धापूर्वक यात्रा का स्वागत और भागीदारी की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि इस यात्रा के दौरान जिला में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और संगत के लिए आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर एसपी गंगा राम पूनिया, एडीसी कम सीईओ जिला परिषद सोनू भट्ट, एसडीएम करनाल अनुभव मेहता, डीडीपीओ कंचन लता, डीएफएसई अनिल कुमार, डीईओ सुदेश ठकराल, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी अनिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मंडी में धान की खरीद को लेकर गंभीरता से जिम्मेदारी निभाएं अधिकारी
समीक्षा बैठक के बाद डीसी उत्तम सिंह ने धान खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की खरीद में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दूसरे राज्यों से यदि धान आ रहा है तो उसकी जांच के लिए संबंधित अधिकारी सडक़ों पर निगरानी बढ़ाएं। जहां जरूरत हो, वहां नाके लगाकर धान की जांच  करें। अनावश्यक किसानों को परेशान न करें, साथ ही यदि दूसरे प्रदेशों से नियमों का उल्लंघन करते हुए धान लाया जा रहा है तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही मिली तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने  निर्देश दिए कि सभी मंडियों सहित आवश्यक जगहों पर सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में होने चाहिए। कैमरों कि जांच की जाएगी। यदि कैमरे बंद मिले तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *