किसानों और आढ़तियों से की बातचीत, किसानों एवं आढतियों ने खरीद व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
किसान हित को देखते हुए 1 अक्टूबर से प्रस्तावित खरीद को पहले शुरू किया गया है-खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर
नारायणगढ़/अम्बाला, 24 सितंबर।

हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने बुधवार को नारायणगढ़ अनाज मंडी का दौरा किया और धान खरीद कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत की, किसानों एवं आढतियों ने खरीद व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर मार्किट कमेटी कार्यालय में पहुंचने पर एसडीएम शिवजीत भारती ने राज्य मंत्री को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। राज्य मंत्री ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से अब तक हुई धान की आमद और खरीद के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मंत्री श्री राजेश नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद सीजन के दौरान किसी भी किसान को दिक्कत न आए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि धान खरीद को लेकर प्रदेश सरकार ने किसानों को राहत देते हुए इस बार 1 अक्टूबर से प्रस्तावित खरीद को पहले ही 22 सितंबर से शुरू कर दिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस मौके पर उन्होंने नमी मापक यंत्र से धान में नमी की मात्रा को भी चैक किया।
उन्होंने कहा कि मंडियों में बिजली, पानी, शौचालय और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंडी में आने वाले किसानों को पीने के पानी की कोई समस्या न हो।
राज्य मंत्री ने कहा कि धान खरीद में पारदर्शिता व निष्पक्षता बरती जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार किसानों की हर समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है और मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें।
राज्य मंत्री श्री राजेश नागर को अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक नारायणगढ़ अनाज मंडी एवं भरेड़ी और बेरखेड़ी खरीद केंद्रों पर कुल 48,343 क्विंटल धान की आमद हो चुकी है, जबकि 17,493 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। यहां ग्रेड-ए/पैड़ी कॉमन धान आता है, जिसकी खरीद एमएसपी 2,389 रुपये प्रति क्विंटल पर की जा रही है। मंडी में 17 प्रतिशत नमी तक धान की खरीद की जा रही है।
इस मौके पर राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि धान खरीद को लेकर मण्ड़ीयों में व्यापक प्रबंध किये गये है और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा पहले ही सम्बंधित अधिकारियों को इस बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जा चुके है। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए किसान हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि खरीद सीजन को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की भी डयूटी लगाई गई है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष नारायणगढ़ अनाज मंडी एवं अन्य खरीद केंद्रों पर कुल 8,33,543 क्विंटल धान की खरीद हुई थी। इस अवसर पर एसडीएम शिवजीत भारती, डीएफसी अपार तिवारी, मार्किट कमेटी सचिव अखिलेश शर्मा, हैफड अधिकारियों सहित किसान और आढ़ती मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *