-राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल में छात्राओं को मिली पीसीओडी और पीसीओएस से बचाव की सीख

कुरुक्षेत्र,10 सितंबर।
युवतियों में तेजी से फैल रही पॉलीसिस्टिक ओवरी डिजीज (PCOD) और पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) को लेकर श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग की ओर से बुधवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय, पलवल में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रो. सुनीति तंवर ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि फास्ट फूड की लत, व्यायाम की कमी और असंतुलित दिनचर्या आज की पीढ़ी को गंभीर स्वास्थ्य संकट की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि पीसीओडी केवल हार्मोनल असंतुलन ही नहीं पैदा करती, बल्कि मानसिक तनाव और आत्मविश्वास की कमी जैसी समस्याओं का भी कारण बन रही है। उन्होंने छात्राओं को समय पर सोना, संतुलित भोजन और योग जैसी आदतें अपनाने की सलाह दी।

सहायक प्रोफेसर डॉ. रूचिका ने बताया कि पीसीओडी और पीसीओएस समय पर न पकड़े जाने पर प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं। लेकिन शुरुआती पहचान और जीवनशैली में छोटे बदलावों से इन्हें नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि बार-बार मासिक धर्म में गड़बड़ी, अचानक वजन बढ़ना और चेहरे पर अत्यधिक बाल उगना जैसे संकेतों को हल्के में न लें और तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गगनदीप कौर ने विश्वविद्यालय टीम का स्वागत करते हुए कहा कि छात्राओं को ऐसी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना समय की मांग है। कार्यक्रम में डॉ. मीनाक्षी, मोनिका, पूजा रानी, डॉ. सीमा पांडे, डॉ. मंजू और डॉ. सपना सहित कॉलेज स्टाफ भी मौजूद रहा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *