कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने 7 शिक्षकों को प्रदान किया लाईफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
आठ शिक्षकों को वर्ष 2024 के लिए मिला बेस्ट रिसर्चर अवार्ड
शिक्षक दिवस पर केयू में एट होम कार्यक्रम का आयोजन
कुरुक्षेत्र, 5 सितम्बर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर क्रश हाल में आयोजित एट होम कार्यक्रम में कुवि के 7 शिक्षकों को उनके शैक्षणिक अनुभव, पुस्तक लेखन, शोध पत्र, पेटेंट में बेहतर कार्य के लिए लाईफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड व 8 शिक्षकों को शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए रिसर्च अवार्ड देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय विविध क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर रहा है। विश्वविद्यालय ने शोध, शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई है। इस पहचान को बनाने में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से हमें प्रेरणा मिलती है कि शिक्षकों को अपना कर्तव्य पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाना चाहिए। शिक्षक की समाज के प्रति अहम भूमिका होती है। शिक्षा केवल ज्ञान एवं कौशल अर्जन करवाना नहीं बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण करना है।
कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा द्वारा 7 शिक्षकों को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शिक्षा के क्षेत्र में 20 वर्ष से अधिक योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया जिसमें केमिस्ट्री विभाग के प्रो. पवन कुमार शर्मा को 27 वर्षो से अधिक अनुभव 156 से अधिक प्रकाशन, 7 पेटेंट (5 स्वीकृत और 2 प्रकाशित) और 2 पुस्तक के लिए व प्रो. संजीव अरोड़ा को 34 वर्ष के अनुभव, 85 शोध पत्र, 4 पुस्तकें व 4 पेटेंट के लिए, इंस्ट्ररूमेंटेशन विभाग के प्रो. प्रदीप कुमार 30 वर्षो से अधिक अनुभव व विविध रिसर्च प्रोजेक्टस के लिए, जियोफिजिक्स विभाग के प्रो. दिनेश कुमार को 34 वर्षो के अनुभव व 105 शोध पत्रों के लिए, आईआईएचएस के प्रो. अश्विनी कुश को 35 साल के अनुभव, 157 शोध पत्र व 7 पुस्तकों के लिए तथा जूलॉजी विभाग की प्रो. अनिता भटनागर को 123 शोध पत्र, 12 पुस्तक अध्याय व एक पुस्तक के लिए व कॉमर्स विभाग की प्रो. नीलम रानी को 34 वर्षो से अधिक अनुभव, प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में पचास से अधिक शोध पत्र लिखे हैं, पुस्तकें और पुस्तक अध्याय प्रकाशित किए हैं और यूजीसी द्वारा प्रायोजित शोध परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए प्रदान किया गया है।
इस मौके पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने लाइफ टाइम अचीव अवार्ड प्राप्त करने वाले सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शोध के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए व शोध को उच्च स्तर तक ले जाने के लिए कटिबद्ध है। इन अवार्ड्स को शिक्षकों को अपने जीवन में बेहतर शोध कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया जा रहा है ताकि शोध के क्षेत्र में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय भी देश-विदेश के बेहतर विश्वविद्यालयों के साथ शोध की गुणवत्ता के सभी मापदंडों पर खरा उतर सके। मंच का संचालन प्रो. विवेक चावला ने किया।
इस मौके पर डॉ. ममता सचदेवा, कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. दिनेश कुमार, डीन ऑफ कॉलेजिज प्रो. ब्रजेश साहनी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, प्रो. संजीव अग्रवाल, प्रो. अनिल गुप्ता, प्रो. मंजूला चौधरी, कुटा प्रधान डॉ. जितेन्द्र खटकड़, प्रो. रीटा, प्रो. कुसुमलता, प्रो. परमेश कुमार, प्रो. प्रीति जैन, प्रो. सुनीता सिरोहा, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, डॉ. आनंद कुमार, उप-निदेशक डॉ. जिम्मी शर्मा, सहित डीन, निदेशक, विभागाध्यक्ष व शिक्षक मौजूद थे।
बाक्स
8 शिक्षकों मिला बेस्ट रिसर्चर अवार्ड-2024
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि विभिन्न कैटेगरी में दिए गए अवार्ड में बेस्ट रिसर्चर अवार्ड-2024 एच-इंडेक्स के लिए कैमिस्ट्री विभाग के प्रो. परवीन कुमार, बेस्ट रिसर्चर एच-इम्पेक्ट के लिए बायो-केमिस्ट्री विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर विनीता भांकर, बेस्ट रिसर्चर पब्लिकेशन साइंसिज के लिए माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रोफेसर नीरज कुमार को, बेस्ट रिसर्चर रिसर्च प्रोजेक्ट(नान सांइसिज) के लिए कामर्स विभाग के प्रो. तेजेन्द्र शर्मा को, बेस्ट रिसर्चर: रिसर्च प्रोजेक्टस साइंसिज के लिए बॉटनी विभाग के असिस्टैंट प्रोफेसर डॉ. आशीष प्रसाद को, बेस्ट रिसर्चरः प्रोजेक्ट्स (नान सांइसिज) के लिए सोशल वर्क विभाग के असिस्टैंट प्रोफेसर सतीश कुमार, बेस्ट रिसर्चर-कोलोबोरेशन के लिए केमिस्ट्री विभाग की प्रोफेसर नीरा राघव व पेटेंट के लिए जूलोजी विभाग के प्रोफेसर जितेन्द्र भारद्वाज को अवार्ड दिया गया।
बाक्स
केयू के विभिन्न विभागों व संस्थानों में मनाया गया शिक्षक दिवस
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान में शिक्षक दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विभाग के छात्रों द्वारा किया गया था। इस अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। सभी शिक्षकों को छात्रों ने पुष्प देकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर ग्राफिक्स एनिमेशन, प्रिटिंग टैक्नालॉजी, मास कम्यूनिकेशन तथा मल्टीमीडिया के छात्र छात्राओं ने विविध आयामी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, डॉ. मधुदीप, डॉ. आबिद अली सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। उधर विधि संस्थान में शिक्षक दिवस पर संस्थान की निदेशक प्रो. सुशीला देवी चौहान के मार्गदर्शन में वृक्षारोपण अभियान और पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
