फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-70 स्थित केएलजे सोसायटी के सामने शराब कारोबारी को उसके ही दोस्त ने तीन गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। कारोबारी को घायल हालत में अमृता अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीपीटीपी थाना पुलिस आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज करके तलाश में जुट गई है। वहीं, मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम को भी लगाया गया है।

पत्नी घूमने जाती थी दोस्त के साथ

सेक्टर-10 में रहने वाले सुरेश का शराब का कारोबार है। फरीदाबाद में इसके कई ठेके हैं। चार दिन पहले सुरेश केएलजे सोसायटी में रहने वाले दोस्त सोनू और उसकी पत्नी दुर्गेश के साथ मनाली घूमने गया था।

इस दौरान सुरेश के जुन्हैड़ा में रहने वाले दोस्त विनोद कौशिक की पत्नी मेघा भी इनके साथ थी। मेघा अक्सर सुरेश के साथ घूमने चली जाती थी, जिसको लेकर मेघा और विनोद का विवाद चल रहा था।

विनोद, सुरेश से भी रंजिश रखने लगा था। सुरेश और विनोद का इस बात को लेकर पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था।

सुरेश की छाती में तीन गोली लगी

सोमवार देर रात करीब दो बजे मनाली से आते हुए सोनू और उसकी पत्नी को केएलजे सोसायटी में छोड़ने गया। वहीं पर विनोद अपने दो साथियों के साथ कार में सवार होकर आया और सुरेश पर फायरिंग कर दी। सुरेश की छाती में तीन गोली लगी।

पुलिस रिश्तेदारों के यहां दे रही दबिश

इसके बाद मेघा ने हल्ला मचाया तो आस-पास के मकानों में रहने वाले लोग एकत्र हो गए। इसके बाद विनोद फरार हो गया। मौके पर पहुंची डायल 112 ने सुरेश को पास में स्थित अमृता अस्पताल में भर्ती कराया।

बीपीटीपी थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि विनोद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है। आरोपित को पकड़ने के लिए डीएलएफ क्राइम ब्रांच की टीम भी लगी है।

एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि आरोपित के घर और अन्य रिश्तेदारों के घर भी दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसको पकड़ लिया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *