अंबाला शहर। मनमोहन नगर के छह युवक बीती छह अगस्त को मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

इन लापता युवकों में धर्मवीर (25) और कर्मवीर (28) के अलावा उनके दोस्त राजपाल, तुषार, आकाश और सलमान शामिल हैं। शनिवार को बलदेव नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पहली बार गए थे मछली पकड़ने

धर्मवीर और कर्मवीर की बहन निशा ने बताया कि उनके भाई छह अगस्त की सुबह करीब 10 बजे अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर से निकले थे। परिजनों के अनुसार, वे पहली बार अपने दोस्तों के साथ डड़ियान गांव के पास घग्गर नदी में मछली पकड़ने गए। उसी दिन दोपहर 12:15 बजे, धर्मवीर ने अपनी भाभी ज्योति को वीडियो कॉल करके बताया कि वे सभी मछली पकड़ रहे हैं।

बंद आ रहे फोन, नहीं लगा सुराग

वीडियो कॉल के बाद से ही सभी युवकों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। नौ अगस्त तक भी वे घर वापस नहीं लौटे हैं। परेशान परिवारों ने डड़ियान गांव के पास घग्गर नदी में जाकर उनकी तलाश भी की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।

बहन नहीं बांध पाई राखी

लापता भाइयों की बहन निशा का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इस साल रक्षाबंधन पर वह भाइयों की कलाई पर राखी नहीं बांध पाईं। निशा ने कहा कि उसे अपने भाइयों से बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन अब उनकी अनुपस्थिति में घर सूना हो गया है। परिवारों ने बलदेव नगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से जल्द उनकी तलाश करने की गुहार लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *