पटौदी। गांव गुढ़ाना में शनिवार देर रात सुअर फार्म में 10 से अधिक लोगों ने युवक को रॉड व डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात हुक्का पीने के दौरान मामूली कहासुनी से शुरू हुई गालीगलौज के बाद युवक की मौत पर आकर खत्म हुई। मारपीट में अन्य दो युवक भी घायल हुए हैं। उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया और आठ आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार आशियाकी गांव के एक व्यक्ति ने गुढ़ाना गांव की सीमा पर किराए की भूमि में सूअर फार्म खोल रखा है।

गुढ़ाना निवासी मंजीत पुलिस को शिकायत देकर बताया कि रात को सुअर फॉर्म में गुढ़ाना निवासी रितेश, कृष, दीपांशु तथा काकू समेत अन्य दो व्यक्ति हुक्का पी रहे थे। तभी मनजीत घूमते-घूमते वहां पहुंच गया और उनके बीच बैठ गया। तभी किसी मामूली बात पर रितेश की अन्य उपस्थित लोगों से कहासुनी शुरू हो गई।

इस पर मंजीत ने बीच बचाव किया तो रितेश, कृष, दीपांशु, काकू और दो अन्य व्यक्तियों ने मंजीत से मारपीट की। इससे उसे सिर तथा अन्य स्थानों पर चोटें आई। तब मंजीत ने अपने चाचा राज कुमार को बुला लिया। वहीं दीपांशु के पक्ष में विक्रांत और विकास आ गए। चाचा समझा बुझाकर रितेश और मंजीत को घर ले आए।

बाद में रात करीब 11 बजे मंजीत ने बाहर सड़क पर शोर सुना तो देखा कि काकू, दीपांशु, विक्रांत, विकास समेत दस से अधिक व्यक्ति रॉड व डंडों से रितेश से पीट रहे हैं। बीचबचाव करने पर चाचा को भी पीटा। आसपास के लोगों के ललकारने पर दो बाइक मौके पर छोड़कर आरोपित मौके से भाग निकले।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल रितेश की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की और शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना पटौदी में संबंधित धाराओं में अभियोग अंकित किया।

वेयर हाउस में काम करता था रितेश

मृतक रितेश कुमार एक वेयरहाउस में सिक्योरिटी का काम देखता था। उसके पिता का अभी चार माह पूर्व ही देहांत हुआ था। उसके परिवार में उसकी मां, एक भाई, पत्नी और दो बच्चे हैं। भाई सेना में है। वहीं एक बेटा लगभग पांच वर्ष का तो दूसरा बेटा मात्र तीन वर्ष का है। इस दर्दनाक हत्याकांड से मृतक का परिवार ही नहीं बल्कि पूरा गांव स्तब्ध है।

मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पटौदी थाना पुलिस ने रेवाड़ी की एक पैथोलॉजिकल लैब में काम करने वाले मंजीत के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार दोपहर बाद मृतक के शव का अंतिम संस्कार गांव में कर दिया गया। पटौदी पुलिस ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *