गुरुग्राम। अपर द्वारका एक्सप्रेसवे पर रील बनाने वालों का आतंक देखने को मिला है। यहां रील बनाने के लिए दंबगों ने अपर द्वारका एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक रोक दिया। 15 से ज्यादा कार चालकों ने सड़क पर गाड़ी खड़ी कर रील बनाई। इस दौरान हॉर्न बजाए जिससे वाहन चालकों और सोसाइटी के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम सेक्टर 108 शोभा सिटी के पास घटना हुई है। रील बनकर एक्सप्रेसवे रोकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ये सड़क सेक्टर-99, धनकोट से बजघेड़ा बॉर्डर के पास द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ती है। रविवार शाम जब कुछ कार चालकों ने रोड को ब्लॉक किया तो शोभा सिटी के लोगों ने इसका वीडियो बना लिया।
ढाई मिनट के इस वीडियो में दिख रहा है कि कार चालकों ने कैसे रोड को ब्लॉक किया और सायरन बजाए जिससे यहां पर लोगों को काफी परेशानी हुई। पीछे से आ रहे कई वाहन चालकों ने यहां पर रोड ब्लॉक को देखकर रॉन्ग साइड से अपनी गाड़ियां निकाली।
वीडियो में दिख रहा है कि कई गाड़ियों में काले शीशे लगे हुए हैं और लग्जरी गाड़ियां भी शामिल हैं। वहीं, गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि अभी तक कहीं से भी इसकी शिकायत नहीं आई है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
