कन्या भ्रूण हत्या को रोकने तथा महिला केंद्रित स्कीमों का करेगी प्रचार
करनाल 21 जुलाई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान एवं महिला केंद्रित स्कीम का प्रचार-प्रसार करने व लोगो में जागरूकता फैलाने के लिए मोबाइल वैन का शुभारंभ सोमवार को विजयनगर से किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट द्वारा मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास कार्यालय की जिला कार्यक्रम अधिकारी सीमा प्रसाद और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की ब्रांड एंबेसडर ऐषणा कल्याण भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान बेटी के नाम एक पेड़ लगाकर पौधारोपण एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान पर नाटक की सुंदर प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम में मंच संचालन बाल संरक्षण अधिकारी सुमन नैन और पूनम श्योराण ने किया और पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट ने कहा कि प्राचीन काल में बेटों के होने का आशीवार्द दिया जाता था, जिसके पीछे मुख्य कारण खेती जैसा कार्य करने, युद्ध एवं सुरक्षा में पुत्रों द्वारा भाग लेने तथा संपत्ति पर अधिकार स्थापित करना था। मौजूदा समय में यह सब कारण अब समाप्त हो चुके हैं। परंतु आज भी लोगों की अवधारणा या मानसिकता में परिवर्तन लाने की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वह अपनी सोच में बदलाव लाएं। अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा बेटी वाली 5 माताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सीमा प्रसाद ने बताया कि जिला के शहरी खंड से एक गांव व छह ग्रामीण खंड के प्रत्येक खंड के दो-दो गांवों, कुल 13 गांव में, जिन गांवों में लिंगानुपात कम है, ऐसे गांवों में 21 से 27 जुलाई तक मोबाईल वैन चलाई जायेगी। आज रवाना की गई मोबाईल वैन खंड करनाल शहरी के विजय नगर से रवाना होकर खंड निसिंग के गांव घोघड़ीपुर से होते हुऐ खण्ड निसिंग के ही गावं सिंघड़ा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान एवं महिला केंद्रित स्कीम का प्रचार-प्रसार करने व लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए चलाई जायेगी। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत बेटियों की संख्या में वृद्धि के लिए व कन्या भ्रूण जैसी बुराई को खत्म करने और इसकी रोकथाम के लिए शपथ दिलाई गई।
