चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र के सभी नलकूपों को चरणबद्ध तरीके से पूरी तरह सौर ऊर्जा से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा बिजली उत्पादन निगम हर जिले में कम से कम दो कृषि फीडरों के सौरकरण के लिए पांच—पांच एकड़ के स्थानों को चिह्नित करे, जहां सोलर पैनल स्थापित कर कृषि नलकूपों को सौर ऊर्जा से बिजली आपूर्ति दी जा सके।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान (पीएम-कुसुम) के तहत समीक्षा बैठक ले रहे थे। बैठक में ऊर्जा मंत्री अनिल विज भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुझाव दिया कि पंचकूला जिले के रायवाली गांव में स्थित 220 केवी सब स्टेशन के निकट गन्नी खेड़ा ग्राम पंचायत की लगभग 300 एकड़ भूमि पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाया जाए। इस प्लांट से जिले के सभी कृषि नलकूपों को सौर ऊर्जा की आपूर्ति संभव हो सकेगी।
