अभियान के तहत 1141 चश्मे नि:शुल्क किए गए वितरित : पूनम चौधरी
करनाल, 11 जुलाई। उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को सुबह 10 बजे नागरिक अस्पताल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंखों की जांच करके और जरूरतमंद लाभार्थियों को नि:शुल्क चश्मे वितरित करके दृष्टि दोष को दूर करना है। जिला के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 1141 चश्मे वितरित किए गए और नि:शुल्क प्रेसबायोपिक चश्मे के वितरण के लिए आंखों की जांच जारी रहेगी। इससे पहले गुरू जंभेश्वर यूनिवर्सिटी हिसार में आयोजित उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का लाइव कार्यक्रम देखा व सुना गया।
सिविल सर्जन डॉ पूनम चौधरी ने बताया कि उज्ज्वल दृष्टि हरियाणा अभियान के तहत आंखों की जांच कर जरूरतमंद व्यक्ति को चश्में नि:शुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इसी प्रकार से स्कूली बच्चों के आंखों की भी जांच की जा रही है और फ्री में चश्मे प्रदान किए जाएंगे ताकि बच्चे अच्छे से पढ़ाई कर सकें और अपना भविष्य बना सकें। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कियह एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं है, इसलिए सभी लोग नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर अपनी आंखों की जांच करवाएं। यह कार्यक्रम दृष्टि दोष के उन्मूलन तक जारी रहेगा। इस मौके पर उप सिविल सर्जन डॉ. कैलाश ढींगरा और डॉ. केशव वाधवा भी उपस्थित रहे।
