हिसार। Haryana Weather Update: प्रदेश में मानसून तेजी से छाया है। रविवार रात को शुरू हुई वर्षा सोमवार सुबह तक चली। प्रदेश के 16 जिलों में वर्षा हुई।
सबसे ज्यादा चरखी दादरी में 105.5 एमएम वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। इसी प्रकार नारनौल में भी 84.5 एमएम वर्षा हुई। अच्छी वर्षा होने से धान उगाने वाले किसानों को लाभ होगा तो जलभराव से लोग परेशान हो रहे हैं। वहीं मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में वर्षा की संभावना है।
प्रदेश के यमुनानगर में ऑरेंज अलर्ट तो 21 जिलों में वर्षा का यलो अलर्ट जारी है। वर्षा होने से तापमान में भी कमी आई है।
वर्षा से सिरसा में शेखूपुरिया के पास रजवाहा टूटने से 50 एकड़ फसल में जलभराव हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 10 जुलाई तक प्रदेश में वर्षा की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों की तरफ से अलर्ट भी जारी किया गया है। दिन के समय गर्मी अधिक होने पर अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया था जो अब नीचे गिर कर 32 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
मानसूनी हवाओं की सक्रियता भी तेजी से अब बढ़ी है। हवा में नमी होने के कारण वर्षा तेज हो सकती है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज वर्षा होने की संभावना बन रही है।
