डिफाल्टरों पर करीब 49 लाख रूपये प्राॅपर्टी टैक्स बकाया, न चुकाने पर अवश्य होगी कार्रवाई।
करनाल 5 जुलाई,
               सम्पत्ति कर की वसूली करने के लिए नगर निगम करनाल एक बार फिर एक्शन मोड में आ गया है। इसे लेकर सम्पत्ति कर शाखा के प्रवर्तन दल ने 17 पेट्रोल पम्प संचालकों को अटैचमेंट के नोटिस सौंपते हुए सोमवार तक समस्त सम्पत्ति कर चुकाने की मोहलत दी है। इन पेट्रोल पम्प मालिकों पर करीब 49 लाख 19 हजार रूपये का बकाया है। यह जानकारी शनिवार को नगर निगम आयुक्त डाॅ. वैशाली शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र के 27 बकायादार पेट्रोल पम्प संचालकों को नोटिस जारी कर प्राॅपर्टी टैक्स जमा करवाने को कहा गया था। इसके बाद 10 पेट्रोल पम्प मालिकों ने सम्पत्ति कर अदा कर दिया, परंतु 17 ने इसके प्रति कोई रूचि नहीं दिखाई, जिसके चलते नगर निगम अब इन पर सख्त कार्रवाई करने के मूड में आ गया है।
उन्होंने बताया कि इन सभी पेट्रोल पम्प संचालकों को नगर निगम की ओर से पहले भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बाद प्रत्येक पेट्रोल पम्प पर व्यक्तिगत तौर पर भी टीम ने जाकर नोटिस दिया और सम्पत्ति कर चुकाने की बात कही, ताकि वह कुर्की की कार्रवाई से बच सकें। अब नगर निगम ने 17 डिफाल्टर पेट्रोल पम्प पर कार्रवाई करने की तैयारी पूरी कर ली है। अगर यह बकायादार सोमवार तक सम्पत्ति कर नहीं चुकाते, तो इनके विरूद्ध कुर्की की कार्रवाई अवश्य अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पेट्रोल पम्प के बाद बड़े निजी विद्यालयों पर भी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इन पर 5-5 लाख रूपये से अधिक का प्राॅपर्टी टैक्स बकाया है।
इन पेट्रोल पम्प पर होगी कार्रवाई- जिन 17 डिफाल्टर पेट्रोल पम्प पर कुर्की की कार्रवाई की जानी है, उनमें इंडियन आॅयल पेट्रोल पम्प प्रीतम नगर जीटी रोड रूपये 132458, भारत पेट्रोल पम्प एल.आई.सी. काॅलोनी रूपये 81388, इंडियन आॅयल पेट्रोल पम्प सेक्टर-14 रूपये 548527, इंडियन आॅयल पेट्रोल पम्प नजदीक के.एफ.सी. रेस्टाॅरेंट रूपये 716903, इंडियन आॅयल पेट्रोल पम्प आजाद नगर रूपये 44339, भारत पेट्रोलियम नई अनाज मंडी जी.टी. रोड रूपये 26701, एच.पी. पेट्रोल पम्प तहसील मार्केट रूपये 45476, इंडियन आॅयल पेट्रोल पम्प नसीबपुरा रूपये 72197, भारत पेट्रोलियम अर्जुन नगर रूपये 37403, भारत पेट्रोलियम सेक्टर-9 रूपये 62975, एस्सर पेट्रोल पम्प उत्तम नगर रूपये 147315, एच.पी. पेट्रोल पम्प पुरानी तहसील मार्केट रूपये 539678, एच.पी. पेट्रोल पम्प विकास काॅलोनी रूपये 67815, इंडियन आॅयल पेट्रोल पम्प रामदेव काॅलोनी रूपये 2204366, इंडियन आॅयल पेट्रोल पम्प एचएसआईआईडीसी सब्जी मंडी रूपये 119817, इंडियन आॅयल पेट्रोल पम्प सेक्टर-3 एचएसआईआईडीसी रूपये 38489 तथा इंडियन आॅयल पेट्रोल पम्प कुटिया रोड सेक्टर-12 रूपये 33227 है।
नगर निगम आयुक्त डाॅ. वैशाली शर्मा का कहना है कि नगर निगम का बकाया सम्पत्ति कर करोड़ो में व भारी-भरकम है। इसमें सरकारी व गैर-सरकारी संस्थान भी शामिल हैं। नगर निगम कार्यालय की ओर से सभी संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बकायादारों से टैक्स की वसूली के लिए नगर निगम के प्रयास जारी हैं। यदि बकायादार नगर निगम के खजाने में प्राॅपर्टी टैक्स जमा करवाते हैं, तो यह शहर के विकास और जनता की सुविधाओं पर ही खर्च होगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *