पानीपत। पुराना औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव की 13 साल की किशोरी की उसकी बुआ व फूफा ने शादी कर दी। अब किशोरी ने 14 साल की आयु में जिला नागरिक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया।

यहां से डाक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस यहां मौके पर पहुंची और किशोरी से पूछताछ की। पूछताछ के बाद सोनीपत पुलिस ने जिला नागरिक अस्पताल से उसके पति व सास को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित बुआ व फूफा यहां से फरार है।
फिलहाल किशोरी व उसका बच्चा जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल है। किशोरी ने बताया कि जब वह 5 साल की थी, वह तब से सोनीपत में अपनी बुआ व फूफा के पास रह रही है। उसको बताया गया कि उसकी मां उसे छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई।

फूफा की बुआ के साथ होता था झगड़ा

उसके पिता की मौत हो गई थी। वह बुआ के पास ही रहती थी। फूफा शराब पीने के आदी थे, वह अक्सर ताने देते थे कि वह गोद ली हुई है। वह बुआ-फूफा को मम्मी-पापा कहती है। जब वह 12 साल की थी तो उसके फूका उसकी बुआ पर उसकी शादी का दबाव बनाने लगे थे। उसकी बुआ ने मना किया तो वह हर रोज उसकी बुआ के साथ झगड़ा करने लगे।

बुआ ने 13 साल की आयु में उसकी शादी गन्नौर में कर दी। तब उसको यह भी पता नहीं था कि शादी क्या होती है। उसकी शादी उससे 10 साल बड़े युवक से की थी। जब वह सात माह की गर्भवती हुई तो तब उसको समझ आई कि वह मां बनने वाली है। अब वह नौ माह की गर्भवती थी। उसको डिलीवरी के लिए जिला नागरिक अस्पताल लाया गया।

यहां डाक्टरों ने उसकी आयु देखी तो उन्होंने पुलिस को बुलाया था। पुलिस ने आरोपित पति पर दुष्कर्म का भी केस दर्ज किया। पुलिस ने उसके पति व उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया। इस बात का पता चलते ही आरोपित बुआ व फूफा फरार हो गए।

‘किशोरी की मदद करेंगे, प्रशासन से भी अपील करेंगे’

मामले का पता लगने पर नारी तू नारायणी उत्थान समिति अध्यक्ष सविता आर्या ने किशोरी से मुलाकात की। जहां उन्होंने जच्चा-बच्चा का हाल जाना। साथ ही लड़की को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सविता आर्या ने कहा कि ये लड़की सिस्टम की मार झेल रही है।

इसके साथ इतना कुछ हो गया और इसे अंदाजा भी नहीं है। किशोरी के साथ बहुत गलत हुआ है। वह प्रशासन संग मिलकर किशोरी के लिए हर मदद का प्रयास करेंगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *