चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए व्यापक इंतजाम किए जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि हरियाणा पुलिस इस यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था से जुड़ी सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम जनता को सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, चिकित्सा, यातायात और सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समय रहते इन्हें पूरा करने के आदेश दिए। इस दौरान कांवड यात्रा की अवधि के दौरान पुलिस कर्मियों की छुट्टियां स्थगित कर दी गई हैं।

कांवड़ यात्रा 11 जुलाई से प्रारंभ होगी, जिसमें लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाकर पैदल अथवा वाहनों के माध्यम से अपने निवास स्थानों पर जलाभिषेक के लिए जाएंगे। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं की भी भागीदारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक में कहा कि कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा व्यापक इंतजाम किए जाएं। इस बैठक के बाद पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात को नियंत्रित करने के लिए ठोस योजना तैयार की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *