चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में फिलहाल तक हरियाणा की खास भूमिका नहीं रहने वाली है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए राज्य अध्यक्षों का कोरम पूरा हो चुका है। अभी तक 37 राज्यों में से 23 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष घोषित किए जा चुके हैं।

प्रदेश अध्यक्षों का कोरम पूरा होने के चलते हरियाणा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से अलग रखे जाने की पूरी संभावना है। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष की घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद होती नजर आ रही है।

मौजूदा स्थिति को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली को भाजपा दोबारा संगठन की बागडोर सौंप सकती है। यह इस बात पर भी निर्भर करेगा कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन बनेगा।

ये चेहरे राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए प्रबल दावेदार

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, मनोहर लाल, धर्मेंद्र प्रधान और शिवराज चौहान को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। मनोहर लाल हरियाणा के साढ़े नौ साल तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भरोसेमंद सहयोगी हैं।

मोहन लाल बडौली के साथ-साथ आधा दर्जन भाजपा नेता प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ अच्छी ट्यूनिंग है। इसके बावजूद, पार्टी का एक बड़ा समूह उन्हें अध्यक्ष पद से उतारने की पूरी कोशिश में है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हुआ है। ऐसे में इस बात की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम से पहले अचानक हरियाणा का अध्यक्ष घोषित कर दिया जाए।

कुछ दावेदार इस संभावना को सिरे से खारिज कर रहे हैं। उनकी दलील है कि यदि प्रदेश अध्यक्ष का चयन राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले होना होता तो अभी तक कर दिया जाता। प्रदेश अध्यक्ष के लिए मुख्य रूप से खींचतान ब्राह्मण और जाट समाज के दावेदारों में है।

प्रदेश अध्यक्ष आज लेंगे 15 जिलों की बैठकें

भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष के लिए चल रही लाबिंग के बीच मोहन लाल बड़ौली संगठन की बैठकें लेने में जुटे हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने नौ जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, गोहाना और सोनीपत के जिला प्रधानों व जिला प्रभारियों की बैठकें ली।

शुक्रवार को बाकी 15 जिलों के प्रधानों व प्रभारियों की बैठक पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय में होगी। इन बैठकों में जिला पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों के नामों पर चर्चा की जा रही है। बैठकें पूरी होने के बाद समस्त पदाधिकारियों की सूची प्रभारी व सह प्रभारी के माध्यम से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के पास पहुंचाई जाएंगी।

 

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *