कुल 2814 विद्यार्थियों ने दी 6 यूजी/पीजी कोर्सिज की प्रवेश परीक्षा
1482 विद्यार्थी 5 वर्षीय बी.ए.एल.एल.बी. पाठ्यक्रम की परीक्षा देने आए

कुरुक्षेत्र, 29 जून। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में नए सत्र के पाठ्यक्रमों के लिए ली जा रही प्रवेश परीक्षा के अंतर्गत रविवार को कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने परीक्षा केन्द्रों का दौरा किया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 को लेकर विभिन्न विभागों व संस्थानों में स्नातक/स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों को लेकर प्रवेश परीक्षाओं का नियमित रूप से आयोजन किया जा रहा है। प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया तथा परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने आज परीक्षा केन्द्रों के औचक निरीक्षण में केन्द्र के कंट्रोल रूम की व्यवस्था, पेपर के रखरखाव के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों में सुचारू रूप से चल रही परीक्षाओं के परीक्षार्थियों से भी विवरण लिया।  इस बारे जानकारी देते हुए परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि परीक्षा के दौरान परीक्षा नियंत्रक व प्रशासनिक अधिकारी केन्द्रों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि परीक्षा सुचारु रूप से चल रही है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मौजूद हैं व दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। मूसलाधार बारिश होने के बावजूद परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह दिखाई दिया।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि रविवार को बी.ए.एल.एल.बी. की प्रवेश परीक्षा के लिए सर्वाधिक 1825 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया और यह परीक्षा 8 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि कुलपति के दिशा-निर्देशानुसार आज 6 विभिन्न यूजी/पीजी पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षाएं ली गई जिनमें केंद्र अधीक्षकों व ऑब्जर्वर्स की भी नियुक्ति की गई। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केन्द्र की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। रविवार को 2814 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे जिसमें बी.एफ.ए. (बैचलर इन फाइन आर्ट्स), बी.पी.एड व एम.फार्मेसी की परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई जिसमें 785 में से 502 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस परीक्षा के लिए कम्युनिटी सेंटर ब्लॉक-1, ब्लॉक-2, भेषज्य विज्ञान संस्थान व आई.आई.एच.एस. विभाग को परीक्षा केन्द्र बनाया गया। दोपहर 12.30 बजे बी.ए.एल.एल.बी. की परीक्षा 8 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न हुई। इस परीक्षा में 1482 विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई जिसके लिए 1825 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। इस परीक्षा में लगभग 81 प्रतिशत विद्यार्थी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि 12वी कक्षा के बाद विद्यार्थी कानून की पढ़ाई करने के लिए उत्सुक हैं और विश्वविद्यालय के साथ-साथ कई कॉलेज भी 5 वर्षीय एकीकृत एल.एल.बी. पाठ्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। विद्यार्थियों में उत्साह का मुख्य कारण कानून के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा है, साथ ही कानून की पढ़ाई के बाद मिलने वाले अवसरों की जानकारी भी है।
डॉ. प्रकाश ने बताया कि दोपहर सत्र में 3.30 बजे एम.बी.ए. (5 वर्षीय)/बी.बी.ए. ऑनर्स में प्रवेश लेने हेतु 798 विद्यार्थी परीक्षा केंद्र पर पहंुचे। इसके साथ ही एम.एस.सी. ग्राफिक्स, एनिमेशन एंड मल्टीमीडिया की परीक्षा भी आयोजित हुई जिसमें 32 विद्यार्थी उपस्थित रहे। इन परीक्षाओं के लिए वाणिज्य विभाग, अंग्रेजी विभाग, कम्प्यूटर साइंस एण्ड एप्लीकेशन्स, भेषज्य विज्ञान संस्थान, आई.आई.एच.एस. विभाग को परीक्षा केन्द्र बनाया गया। डॉ. प्रकाश ने बताया कि सभी दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों के स्वजनों व अन्य संबंधियों के लिए क्रश हॉल (केयू ऑडिटोरियम) में व यूआईईटी केन्द्र के बाहर बैठने व पेयजल की विशेष व्यवस्था भी की गई ताकि परिजनों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो। विद्यार्थियों व अभिभावकों ने प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं के अंतर्गत सोमवार को सुबह 10 बजे एम.पी.एड व दोपहर 12.30 बजे एम.ए. एनवायरनमैंट साइंस परीक्षा होगी जिसमें 145 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इन परीक्षाओं के लिए 2 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं जिसमें कम्युनिटी सेंटर व यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल को शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *