हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने मंगलवार को गांव ढाकवाला और गांव सदरपुर में यमुना बांध पर चल रहे कार्यों का लिया जायजा

बारिश से पहले अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश, जल्द से जल्द काम को करें पूरा
घरौंडा, 10 जून।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि यमुना के पानी से बाढ़ बचाव के लिए जिला में छह स्थानों पर काम जारी है जो 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इस कार्य पर करीब 17-18 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने यह जानकारी मंगलवार को गांव ढाकवाला और गांव सदरपुर में यमुना बांध पर चल रहे कार्यों का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ढाकवाला में 6 नए स्टड और स्टोन रिवेटमेंट का कार्य जारी है। इस पर तीन करोड़ खर्च होंगे जबकि सदरपुर में 6 पुराने स्टड्स की मरम्मत की जाएगी और इस कार्य पर एक करोड़ 28 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके साथ-साथ अधिकारियों को बाढ़ से पहले अलर्ट रहकर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि हर वर्ष यमुना सहित अन्य स्थानों पर बाढ़ से बचाव कार्यों की निगरानी की जाती है। जहां-जहां जरूरत होती है वहां सरकार बाढ़ से बचाव की परियोजनाओं को मंजूर करती है और इन्हें बारिश सीजन के पहले पूरा किया जाता है। पहाड़ों पर अधिक बारिश के कारण पिछले सालों में इस जिला के यमुना बेल्ट के गांवों को बाढ़ का सामना करना पड़ा था। इंद्री की तरफ एक जगह यमुना का बांध टूट भी गया था जिससे बहुत भारी नुकसान हुआ था। तीन ऐसे स्थान थे जहां यमुना टूटने के कगार पर थी। अतीत के अनुभव को ध्यान में रखते हुए पिछले साल भी यमुना के सभी कमजोर किनारों को मजबूत किया गया। जरूरत अनुसार स्टड बनाये गये और पत्थर का पुश्ता (स्टोन रिवेटमेंट) लगाया गया।

स्थानों की पहचान कर किया जा रहा कार्य
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि पिछले साल जिला में 6 ऐसे स्थानों की पहचान की गई जहां नए स्टड या रिवेटमेंट की जरूरत थी। इन सभी स्थानों पर काम जारी है। निर्माण स्थलों पर 70 से 80 प्रतिशत सामग्री पहुंच चुकी है। भरसक प्रयास है कि 30 जून से पहले बाढ़ से बचाव के सारे कार्य पूरे कर लिए जाएं। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन से तालमेल कर पहले ही अग्रिम योजना तैयार कर ली जाए ताकि दो साल पहले जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े। उस समय सामग्री की उपलब्धता में परेशानी का सामना करना पड़ा था और एनएफएल, थर्मल आदि से पत्थर मंगवाना पड़ा था।

ग्रामीणों से प्राप्त की जानकारी
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि जिला में विभिन्न स्थानों पर 17-18 करोड़ की लागत से बाढ़ बचाव के कार्य जारी हैं। दौरा करने के पीछे मुख्य मकसद धरातल पर ग्रामीणों से भी जानकारी प्राप्त की जाए। ग्रामीणों द्वारा दिए जाने वाले सुझाव काफी कारगर होते हैं। अगर कोई नया विषय सामने आता है तो विभाग को उस बारे में अवगत कराया जाता है। विभाग जांच के बाद जहां जरूरत होती है उस पर अमल भी करता है। गत वर्ष केवल लालुपुरा के साथ यमुना के तटबंध को मजबूत करने के लिए करीब 13 करोड़ के कार्य कराए गए थे। सभी कार्य की गुणवत्ता बेहतर थी। कई बार यमुना का बहाव बदलने के कारण चुनौती का सामना करना पड़ता है। पिछले अनुभव को ध्यान में रखते हुऐ विभाग ने अच्छा कार्य किया। भेजे गए सभी प्रोजेक्ट्स को सरकार ने मंजूरी दी है। वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हैं, उनकी अध्यक्षता में बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की बैठक में इन कार्यों को स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि वे गंगा व यमुना मैया से प्रार्थना करते हैं कि चारों ओर सुख शांति रही।

 गाड़ी ख़ुद चला कर पहुँचे स्पीकर कल्याण !
विधानसभा स्पीकर कल्याण आज यमुना नदी पर चल रहे बाढ़ बचाव कार्यों का निरीक्षण अपनी निजी गाड़ी में सवार होकर किया जिसे वे ख़ुद ही चला रहे थे। वहाँ उपस्थित लोगों द्वारा पूछने पर उन्होंने बताया कि उनकी सरकारी कार काफ़ी नीची है तथा यमुना बाँध का अधिकतर भाग कच्चा व उबड़ खाबड़ है जिसके कारण वो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो सकती थी इसलिए उन्होंने अपनी निजी गाड़ी का इस्तेमाल किया जो ऊँची भी है तथा ज़्यादा मज़बूत भी। ग़ौरतलब है कि विधानसभा अध्यक्ष को प्रोटोकॉल के अनुसार सरकार द्वारा मर्सिडीज़ कार उपलब्ध करवाई जाती है जो थोड़ी नीची होती है। स्पीकर कल्याण के कार चलाने का शौक़ सर्वविदित है तथा अक्सर उनको कार चलाते हुए भी देखा जाता है।

इस मौके पर करनाल के एसडीएम अनुभव मेहता, घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी, जिला परिषद की डिप्टी सीईओ रोजी, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता राजेश बिश्राई, कार्यकारी अभियंता मनोज कुमार, एसडीओ करनैली सिंह, पंचायती राज विभाग के एसडीओ रामबिलास शर्मा आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *