चंडीगढ़। हरियाणा के जींद जिले के गांव बीबीपुर से नौ जून 2015 से शुरू हुआ सेल्फी विद डॉटर अभियान भारत का इकलौता ग्लोबल अभियान है, जिसकी स्वीकार्यता विश्व भर में है। इस अभियान ने विश्व के हर सेलिब्रिटी या साधारण व्यक्ति में बेटियों के प्रति बड़ी जिम्मेदारी व अपनेपन और सम्मान का अहसास पैदा किया है।
इन 10 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां 10 बार अपने कार्यक्रम मन की बात और अमेरिका समेत कई देशों में सार्वजनिक मंच के दौरान इस अभियान की प्रशंसा की है, वहीं यह अभियान पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के दिल के बेहद करीब रहा है।

सेल्फी विद डाटर फाउंडेशन के संस्थापक सुनील जागलान ने बताया कि नौ जून 2015 को उन्होंने अपनी बेटी नंदिनी के जन्म के अवसर पर सेल्फी लेकर इंटरनेट मीडिया पर डाली। यहीं से उनके मन में बेटियों के सम्मान में यह अभियान चलाने का विचार आया।

आज सेल्फी विद डॉटर अभियान इस दशक में भारत का सबसे चर्चित अभियान बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में आठ बार और अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म पर दो बार इस अभियान की प्रशंसा की है। 

सेल्फी विद डॉटर अभियान को अंतर्राष्ट्रीय मानक संस्था ओइसीडी के अलावा इकोनामिक सर्वे आफ इंडिया के अलावा देश-विदेश के अनेक संस्थानों ने भारत ही नहीं वरन विश्व का बेटियों के प्रति प्रेम दर्शाने का प्रभावशाली अभियान बताया है। 

इस अभियान की विशेषता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब तक बॉलीवुड, हॉलीवुड के अभिनेताओं, विश्व के प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधियों समेत 80 देशों से सात लाख 67 हजार सेल्फी ऑनलाइन म्युजियम में अपलोड हो चुकी है। इस वर्ष में अब तक 70 हजार सेल्फी अपलोड की जा चुकी है।
भारत में बेटियों के प्रति लगाव व लिंगानुपात सुधार के लिए सेल्फी विद डाटर अभियान की तारीफ हुई है। सुनील जागलान ने बताया कि भारत के अलावा नेपाल, कनाडा, जापान, चीन, कोरिया, अमेरिका, आस्ट्रेलिया में लोग इस अभियान के साथ जुड़ चुके हैं और समय-समय पर कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं।
नौ जून को अभियान को समर्पित एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम एमडीयू रोहतक में हो रहा है, जिसमें वीसी डॉ. राजबीर और उनकी पत्नी भागीदारी करेंगे।
जागलान के अनुसार इस अभियान के साथ बालीवुड सहित अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय सेलिब्रिटी जैसे डेविड बेकहम, रोनाल्डो, मैराडोना, विलियम्स बहनों के पिता, किम कार्दशियन, विन डीजल, सचिन तेंदुलकर, शाहरुख खान, अजय देवगन आदि अपनी बेटियों के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चुके हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *