टीबी की जांच, एक्स-रे सुविधा और ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान ने बढ़ाया जागरूकता का विस्तार
अंबाला, 5 जून
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आज वरिष्ठ नागरिक सदन, मथुरा नगरी अंबाला शहर में एक बहु-आयामी जनसेवी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य जांच शिविर, टीबी निदान और एक्स-रे परीक्षण, तथा पौधारोपण जैसे महत्वपूर्ण आयोजन शामिल रहे। यह शिविर उपायुक्त अजय सिंह तोमर के मार्गदर्शन में, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी अंबाला द्वारा आयोजित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में 50 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया। एक्स-रे सुविधा के साथ-साथ क्षयरोग (टीबी) की जांच विशेष रूप से की गई। आवश्यकता अनुसार दवाएं भी नि:शुल्क वितरित की गईं। चिकित्सकीय टीम में डॉ. सीमा तोमर (प्रभारी, टीबी अस्पताल अंबाला), नरेश कुमार (तकनीकी अधिकारी, टीबी अस्पताल), विपिन मिश्रा (एक्स-रे तकनीशियन, डब्ल्यूएचओ) और राजेश कुमार (जिला समन्वयक, डब्ल्यूएचपी) शामिल रहे।
रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रोजेक्ट अधिकारी मनोज कुमार सैनी ने शिविर का संचालन करते हुए कहा कि वृद्ध नागरिक हमारे समाज की धरोहर हैं। उनका स्वास्थ्य और सम्मान दोनों हमारी जिम्मेदारी है। साथ ही, आज का दिन हमें प्रकृति से जुडऩे का अवसर भी देता है।
कार्यक्रम में सरकारी महाविद्यालय, अंबाला शहर की एनएसएस छात्राओं ने भी अपनी सेवाएं समर्पित कीं। उन्होंने वृद्धजनों की सहायता, दवाओं के वितरण तथा शिविर व्यवस्था में सक्रिय योगदान दिया। पौधारोपण कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अपने हाथों से पौधे लगाए। आम, पीपल, नीम, अर्जुन और बड़ जैसे जीवनदायी वृक्षों को रोपते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस मौके पर मनोज सैनी ने कहा कि वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए जहां हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने हैं वहीं उनका संरक्षण भी करना है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर हमें अपनी धरा को और अधिक सुंदर बनाना है। हमें जल, वायु और हरियाली की रक्षा एक साझा उत्तरदायित्व समझकर निभानी होगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को पर्यावरण दिवस का महत्व समझाते हुए प्लास्टिक मुक्त जीवन, जल संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *