चंडीगढ़। हरियाणा में कालेज कॉडर के सहायकों प्राध्यापकों के विभिन्न पदों के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया विवादों में है। इसी बीच हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने एक जून को सुबह की पाली में हुए हिंदी विषय के सहायक प्राध्यापकों के लिए आयोजित स्क्रीनिंग टेस्ट को रद कर दिया है। परीक्षा की अगली तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। 

बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिंदी विषय के सहायक प्राध्यापकों के स्क्रीनिंग टेस्ट में प्रश्नपत्रों के सेट की सील टूटी होने की शिकायत की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए आयोग ने इस परीक्षा को रद करने का निर्णय लिया है। 

वहीं, अभ्यर्थी रसायन विज्ञान और भौतिकी के सहायक प्राध्यापकों की भर्ती के लिए आयोजित स्क्रीनिंग टेस्ट को भी रद करने की मांग कर रहे हैं, जिसके लीक होने के दावों को एचपीएससी खारिज कर चुका है। पंचकूला में हुई परीक्षा में कई अभ्यर्थियों ने स्क्रीनिंग टेस्ट में पहले से खुले प्रश्न पत्र देने की शिकायत करते हुए पेपर लीक होने का संदेह जताया है।
इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने अभ्य​र्थियों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान भारी गड़बडिय़ां सामने आई हैं। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों को ऐसे पेपर दिए गए, जिनकी पहले से सील टूटी हुई थी। अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद में भारी त्रुटियां थी। कई केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे। ऐसे में परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठने लाजमी हैं। 

उन्होंने कहा कि एचपीएससी द्वारा सिर्फ हिंदी का पेपर रद किया जाना भी संदेह पैदा करता है, जबकि ऐसी गड़बड़ी सभी विषयों के पेपर में पाई गई हैं। सभी विषयों की परीक्षा को तुरंत रद कर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए ताकि दोषियों को पकड़ कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सके। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आगे जब भी इन पदों की भर्ती के लिए परीक्षा ली जाए तो वह पूरी तरह से सुरक्षित, पारदर्शी और नियमों के अनुसार हो।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *