चंडीगढ़। इस बार शराब ठेकेदार राज्य की खराब कानून व्यवस्था का हवाला देकर ठेकों की नीलामी के लिए उत्साह के साथ आगे नहीं आ रहे हैं। 

यह पहला मौका है, जब राज्य के कई शराब कारोबारियों ने मंगलवार की रात को हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की और शराब के ठेकों की नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के दौरान आ रही परेशानियों को उनके साथ साझा किया। 

शराब कारोबारियों की इस मीटिंग के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी तथा पुलिस विभाग के उच्च अधिकारी भी शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार शराब कारोबारियों ने कहा है कि उन्हें किसी भी जिले में पुलिस विभाग के अधिकारी सिक्योरिटी उपलब्ध नहीं करवा पा रहे हैं। 12 जून से साल 2025-26 की शराब पॉलिसी लागू हो जाएगी।
शराब कारोबारियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने मंगलवार की रात को पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठेकों की नीलामी में गैंग्सटरों व बदमाशों का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। खासतौर से यमुनानगर पुलिस को विशेष हिदायतें दी गई हैं। 

माना जा रहा है कि हरियाणा सरकार ने बुधवार को कुछ पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिन्हें शराब कारोबारियों की मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग के बाद की स्थिति के रूप में देखा जा रहा है।
एडीजीपी क्राइम ममता सिंह से यह कार्यभार वापस लेकर आइपीएस संजय कुमार को सौंप दिया गया है। संजय कुमार एडीजीपी क्राइम के साथ-साथ एडीजीपी कानून व्यवस्था भी होंगे। 

पूरे राज्य में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी उन्हीं पर है। संजय कुमार के पास एडीजीपी कानून व्यवस्था का पहले अतिरिक्त कार्यभार था। सीनियर आइपीएस अमिताभ सिंह ढिल्लो को एडीजीपी प्रशासन की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि यमुनानगर की एडिशनल एसपी सृष्टि गुप्ता को डीसीपी पंचकूला लगाया गया है। एडीशनल एसपी पुलिस मुख्यालय पंचकूला अमरिंदर सिंह को एडीशनल एसपी यमुनानगर नियुक्त किया गया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *