कुरुक्षेत्र, 30 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के गणित विभाग के अध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा द्विवर्षीय मास्टर डिग्री कोर्स व पीएचडी कोर्स चलाए जा रहे हैं। एमएससी गणित करने के पश्चात शोध तथा शिक्षण में अपार संभावनाएं है। गणित विभाग के स्नातकोत्तर कक्षाओं में दाखिले के लिए हर साल देश भर से हजारों छात्र आवेदन करते हैं जो कि इस कोर्स की लोकप्रियता और रोजगारपरक होने का प्रमाण है।
वर्ष 1961 से अस्तित्व में आने वाले गणित विभाग ने प्योर और एप्लाइड गणित के क्षेत्र में अनुसंधान में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त की है। आजकल गणित के विद्यार्थी इंश्योरेंस, डाटा साइंस, फाइनेंशियल क्षेत्र, बायो मैकेनिक्स, स्पेस साइंस और कंप्यूटर विज्ञान सहित अनेक क्षेत्रों में आगे बढ़कर योगदान दे रहे हैं।
कुवि के गणित विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार ने बताया कि गणित विभाग से अब तक लगभग सैंकड़ों छात्रों ने पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है, जिन्हें शिक्षण, अनुसंधान और प्रशासनिक संगठनों में सम्मानजनक पदों पर नियुक्ति मिली है।
उन्होंने बताया कि विभाग से उत्तीर्ण होने के बाद छात्रों का प्लेसमेंट बहुत ही संतोषजनक रहा है। गणित विभाग के कई प्रतिभावान छात्र विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सहायक प्रोफेसर बन गए हैं। कुछ छात्रों का चयन अनुसंधान संगठनों में वैज्ञानिकों के रूप में समाहित पदों के लिए भी किया गया है। इसके अतिरिक्त बहुत अधिक संख्या में शिक्षण विभाग में पीजीटी तथा प्राचार्य के पदों पर काम कर रहें हैं। विभाग का अपना प्लेसमेंट सेल भी है। गौरतलब है कि गणित विभाग के सभी पाठ्यक्रम शिक्षा जगत एवं उद्योग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं ताकि विद्यार्थियों को रोजगार मिलने में आसानी हो सके ।
गणित विभाग में एमएससी के विद्यार्थियों के लिए दो कंप्यूटिंग लैब हैं। शोधार्थियों के लिए अलग से एक कंप्यूटर शोध प्रयोगशाला है । विभाग के पास हजारों स्तरीय पाठ्य एवं संदर्भ पुस्तकों और शोध पत्रिकाओं से भंडारित एक पुस्तकालय भी है।
कुवि के लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार गणित विभाग के पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन दाखिले की प्रक्रिया 24 मई, 2025 से शुरू हो चुकी है तथा गणित जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में कॅरियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थी एमएससी गणित की 150 सीटों में दाखिले के लिए 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार विद्यार्थियों की दाखिला सम्बंधी जानकारी के लिए ऑनलाइन हेल्पडेस्क भी गठित किया गया है। ऑनलाईन एडमिशन से सम्बन्धित जानकारी के लिए विद्यार्थी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

15 जून तक कर सकते हैं एमएससी गणित की 150 सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के गणित विभाग में एमएससी गणित प्रोग्राम में 150 सीटों के लिए दाखिले की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। आवेदक  कुरुक्षेत्र  विश्वविद्यालय की वेबसाइट/आईयूएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *