गुरुग्राम। गुरुग्राम की पॉश सोसायटियों में पालतू कुत्तों को लेकर बनाए गए नियमों की अनदेखी हो रही है। नगर निगम की ओर से पालतू कुत्तों के रजिस्ट्रेशन को अनिवार्य किया गया है, लेकिन इसके बावजूद कई सोसायटी निवासी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। 

इसको लेकर निगम अब आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन) और सोसायटी प्रबंधन को जागरूक करेगा, ताकि पालतू कुत्तों के रजिस्ट्रेशन और देखरेख को लेकर सख्ती बरती जा सके। 

वास्तविक संख्या से काफी कम हुए रजिस्ट्रेशन

नगर निगम ने बीते एक साल में 2290 कुत्तों का रजिस्ट्रेशन किया है। यह आंकड़ा बीते वर्षों की तुलना में बेहतर है, लेकिन यह अभी भी गुरुग्राम में पालतू कुत्तों की वास्तविक संख्या से काफी कम है।

इसके अलावा जो कुत्तों का पंजीकरण करवा चुके हैं, उनमें से भी कई मालिक उनके रखरखाव और सार्वजनिक स्थानों पर चलने के नियमों का पालन नहीं कर रहे। दैनिक जागरण चार दिन तक इस समस्या के कारण और उपाय को लेकर एक चार दिवसीय अभियान चलाएगा। 

कई लोगों को काट चुके हैं कुत्ते

सोसायटी की लिफ्ट, पार्क क्षेत्र में कुत्तों को खुला छोड़ने और लोगों को काटने के कई मामले सामने आ चुके हैं। कई बड़ी सोसायटियों में पालतू कुत्तों को लिफ्ट और पार्क क्षेत्रों में बिना पट्टे के खुले छोड़ दिया गया। 

कई बार यह कुत्ते अन्य निवासियों पर झपटते हैं, जिससे झगड़े और शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। कुछ मामलों में लोगों को चोटें भी आई हैं और मामला पुलिस थाने तक भी पहुंचा, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। 

पालतू कुत्तों के लिए यह है नियम

नगर निगम द्वारा निर्धारित नियमों के तहत प्रत्येक पालतू कुत्ते का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। मालिक को यह सुनिश्चित करना होता है कि कुत्ते को सार्वजनिक स्थानों पर ले जाते समय पट्टा लगा हो और वह किसी को नुकसान न पहुंचाए। इसके अलावा, पालतू जानवरों का टीकाकरण, स्वच्छता और उचित देखभाल की जिम्मेदारी भी मालिक की ही होती है। 

एक साल में किया 2290 कुत्तों का रजिस्ट्रेशन

नगर निगम के अनुसार, बीते 12 महीनों में कुल 2290 कुत्तों का पंजीकरण किया गया है। यह प्रयास पालतू जानवरों की पहचान और ट्रैकिंग के लिए किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनकी जानकारी आसानी से मिल सके। 

कुत्तों को खुला छोड़ने पर 500 रुपये जुर्माना

कई सोसायटियों में पालतू कुत्तों को खुला छोड़ने पर 500 रुपये जुर्माना लगाने का नियम लागू किया गया है। चेतावनी दी है कि उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

घरों में महंगी प्रजाति के कुत्ते, लेकिन लापरवाही बरत रहे मालिक

गुरुग्राम की पॉश सोसायटियों में रहने वाले लोग महंगी प्रजातियों के कुत्ते पालते हैं। लेकिन इन्हें लेकर बरती जा रही लापरवाही चिंताजनक है। न तो रजिस्ट्रेशन करवाया जा रहा है और न ही नियमों का पालन हो रहा है। इसको लेकर अब निगम की ओर से भी कार्रवाई की जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *