प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान व सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने संविधान बचाओ अभियान के तहत कुरुक्षेत्र में की जनसभा
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है और उसकी मूलभावना के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। केंद्र की बीजेपी सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिये संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। बाबा साहब ने जिस संविधान के माध्यम से पूरे देश को एक सूत्र में बांधकर सबको बराबरी का अधिकार दिया, बीजेपी उस संविधान पर भी प्रहार कर रही है। संविधान में मिले आरक्षण के अधिकार को खत्म करने की लगातार कोशिशें हो रही है। संविधान की रक्षा के लिए जो संस्थाएं बनायी गयी थीं उनको कमजोर किया जा रहा है। हमारी संवैधानिक संस्थाओं के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने बीजेपी सरकार को चेताते हुए कहा कि संविधान के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जायेगी। हम मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते हुए संविधान की रक्षा करेंगे और संविधान ने जो अधिकार दिये हैं उसको कमजोर होने नहीं देंगे। दीपेन्द्र हुड्डा ने आवाह्न किया कि डॉ. अंबेडकर द्वारा दिये गये संविधान की रक्षा के लिये हमें पहले से भी ज्यादा जागरुक और संगठित होना पड़ेगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि आज संविधान के मूलभूत ढांचे पर प्रहार कर उसे तोड़ने का प्रयास चल रहा है। नफरत की दीवार खड़ी की जा रही है, ताकि जनता का ध्यान मुख्य मुद्दों से हटे। संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। देश में अघोषित आपातकाल का माहौल बना दिया गया है। आज वही लोग बाबा साहब के संविधान के खिलाफ है, जिन लोगों ने संविधान की प्रतियां जलाई थी। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा का जो मूलमंत्र दिया उसी के आधार पर कांग्रेस पार्टी ने शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, भोजन का अधिकार, अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम जैसे कानून बनाये और समाज के कमजोर, पिछड़े, शोषित व वंचित वर्ग को सशक्त करने का काम किया। बाबा साहब ने संविधान के माध्यम से सबको बराबरी का अधिकार देने का काम किया और लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की। संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं है सामाजिक और आर्थिक दस्तावेज भी है। अगर देश को मजबूत रखना है तो संविधान को भी मजबूत रखना होगा।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, सांसद वरुण मुलाना, AICC सचिव व सह-प्रभारी प्रफुल्ल गुडधे, विधायक अशोक अरोड़ा, विधायक मनदीप चठठा, विधायक राम करण काला, पूर्व सांसद कैलासों सैनी, पूर्व विधायक मेवा सिंह, पूर्व विधायक लहरी सिंह, पूर्व विधायक सुल्तान सिंह जडोला, सुनीता नेहरा, कंवरपाल, हिमांशु अरोड़ा, सुनीता बट्टान, हरमन विर्क, जयपाल पांचाल, मुल्कराज अरोड़ा, माया राम, मोहनलाल भामरा, दिनेश कश्यप, सुकरामपाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।