-एसडीएम शाश्वत् सांगवान अपने संदेश में बोले देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लें, ताकि हमारा भारत एक बार फिर वहीं भारत बन सके जिसके गौरव व वैभव की कहानियां सुनते आए हैं, साथ ही स्वच्छ, स्वस्थ, खुशहाली का भी संकल्प लें।

नारायणगढ़, 26 जनवरी। उपमंडल स्तर पर नारायणगढ़ अनाज मंडी में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में एसडीएम शाश्वत् सांगवान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों के परिजनों व वार विडो तथा सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों व अन्य लोगों को भी सम्मानित किया।
समारोह में पुलिस तथा विभिन्न स्कूलों की एनसीसी टुकडिय़ों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। इस अवसर पर अपने संदेश में एसडीएम शाश्वत् सांगवान ने कहा कि गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर मैं आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ और सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को भी नमन करता हूँ, जिनके अमर बलिदानों से हमें गणतंत्र दिवस मनाने का यह गौरवशाली अवसर प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि 75 वर्ष पहले सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला। आज इस अवसर पर, मैं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के तमाम सदस्यों को नमन करता हूं, जिनकी बदौलत ही भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र व गणराज्य देश कहलाता है।
आज हम संविधान में दिए गए जिन हकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वे डा. अंबेडकर जी की ही देन है। वोट देने का जो अधिकार आज देश में किसी अमीर को है, वही अधिकार एक गरीब व्यक्ति को भी है। हमारे संविधान में समाज के कमजोर वर्गों, पिछड़े लोगों और अनुसूचित जाति के लोगों के उत्थान के लिए जो व्यवस्थाएं की हैं वह भी बाबा साहेब की देन है। उन्होंने भारत के संविधान का मसौदा तैयार करते समय ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां सभी लोग खुश हों। सभी को इंसाफ मिले और सभी को बराबर के हक मिलें।
उन्होंने कहा कि इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपतराय, सरदार बल्लभ भाई पटेल, डा. राजेन्द्र प्रसाद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरूषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़ा संघर्ष किया। शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्र शेखर आजाद और उधम सिंह जैसे क्रांतिकारियों के बलिदानों के कारण ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
आजादी की लड़ाई में हरियाणा प्रदेश का भी अहम योगदान रहा है। आज भी हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं और यहीं कारण की देश की सशस्त्र सेनाओं में हर दसवां सिपाही हरियाणा से है। सरकार ने हरियाणा अग्निवीर नीति 2024 क्रियान्वित कर अग्निवीरों को सुरक्षा कवच प्रदान कर दिया है।
सुशासन से सेवा के संकल्प के साथ जनसेवा का दायित्व संभालने वाली वर्तमान सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए समस्त हरियाणा और प्रत्येक हरियाणवी की तरक्की और उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है।
आज हरियाणा की जनता व सरकार के बीच सीधा संपर्क है। आज – हर सरकारी योजना के पारदर्शी तरीके से लागू किए जाने से घर बैठे गरीब की बेटी की शादी का शगुन, बुजुर्ग, विधवा व दिव्यांगों की पेंशन, बी.पी.एल. कार्ड, चिरायु कार्ड का लाभ, किसानों को उनकी फसल का भुगतान कम्प्यूटर की एक क्लिक से सीधे पात्र व्यक्ति के खाते में जाता है।
सरकार ने कृषि, उद्योग, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि हर क्षेत्र में भी ई-गवर्नेस के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। जिस प्रकार, परिवार पहचान पत्र के डेटा से विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे मिल रहा है, उसी प्रकार, कृषि क्षेत्र में मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल बनाकर किसान कल्याण की अनेक योजनाओं को इससे जोडा गया है।
आज खेल जगत में हरियाणा का बडा नाम है। हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार द्वारा मैडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उपमण्डल नारायणगढ़ के गांव बड़ागढ में भी खेल स्टेडियम बनाया गया है तथा इस स्टेडियम में जल्द ही स्वीमिंग की सुविधा खिलाडिय़ों को मिलनी शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि गांवों के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है। बहन- बेटियों को उच्चतर शिक्षा की सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार ने 20 किलोमीटर के दायरे में एक कालेज स्थापित किया है। सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे हिंसा एंव भेदभाव मुक्त वातावरण में विकास प्रक्रिया में बराबरी का योगदान देते हुये शान से रहे सकें तथा बच्चों की अच्छी देखभाल के साथ एक सुरक्षित वातावरण दे सकें।
प्रदेश में गिरते लिंगानुपात रोकने तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 22 जनवरी, 2015 को पानीपत की ऐतिहासिक धरा से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की शुरुआत की थी। सरकार के प्रयासों से अब 10 वर्षों बाद प्रदेश का लिंगानुपात 861 से बढक़र 910 पहुंच गया है। इसमें और सुधार के संजीदगी से प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ग्रुप सी के लगभग 25 हजार से अधिक अभ्यार्थियों का परिणाम घोषित किया तो मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वायदा किया था कि वे मुख्यमंत्री पद की शपथ बाद में लेंगे, पहले चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देंगे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से किया अपना वायदा पूरा किया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिसंबर 2018 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आरंभ की गई थी, जिसके अन्तर्गत साल में तीन बार 2000-2000 रुपये की तीन किस्त किसान परिवार को उपलब्ध करवाई जाती है। हरियाणा के किसानों की शत प्रतिशत फसलों की एमएसपी पर खरीद की जा रही है।
बिजली विकास की धुरी होती है। औद्योगिक एवं घरेलू उपभोक्ताओं की बिजली की मांग को पूरा करने के लिए कटिबद्ध है। प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या 2014-15 में 54.91 लाख से बढक़र 80.56 लाख हो गई है। राजीव गांधी थर्मल पावर प्लांट, खेदड़, हिसार में 7250 करोड़ रुपए की लागत से 800 मेगावाट की अतिरिक्त अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर यूनिट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। यमुनागर में 800 मेगावाट का प्लांट लगाया जाएगा।
उद्योग हमारी अर्थव्यवस्था का मूल आधार है। हरियाणा के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज आफ डूइंग बिजनेस का एक इको-सिस्टम तैयार किया है। आज हरियाणा में निवेशकों को ऑनलाइन सेवाएं प्रदान की जा रही हैं और उन्हें सभी स्वीकृतियां निर्धारित अवधि में देना सुनिश्चित किया गया है।
हम सबको यह प्रतिज्ञा करनी होगी कि हमें भी अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए आने वाली पीढिय़ों के लिए बेहतर भविष्य बनाना होगा। हम मिलकर भारत देश को एक मजबूत राष्ट्र बनाएंगे। हम सब मिलकर सशक्त भारत विकसित भारत का निर्माण करेंगे। सभी नागरिकों को संविधान के प्रति सजग करेंगे और सबको समान रूप से जीने का अवसर प्रदान करेंगे।
उन्होंने गणतंत्र दिवस की पुन: बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र स्वाभिमान के मौके पर हम सभी देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लें, ताकि हमारा भारत एक बार फिर वहीं भारत बन सके जिसके गौरव व वैभव की कहानियां सुनते आए हैं, साथ ही स्वच्छ, स्वस्थ, खुशहाली का भी संकल्प लें।
इस अवसर पर एसडीएम शाश्वत् सांगवान की धर्मपत्नी डॉ. मनिका मलिक तथा एसडीएम के पिता जी डॉ. सतीश सांगवान, डीएसपी सूरज चावला, नगरपालिका प्रधान रिंकी वालिया, नायब तहसीलदार नारायणगढ़ संजीव अत्री, नायब तहसीलदार शहजादपुर अमित वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता अश्वनी अग्रवाल शहजादपुर, प्रवीण धीमान नारायणगढ़, नगरपालिका सचिव मोहित सैनी, खण्ड़ शिक्षा अधिकारी नारायणगढ़ सुदेश बिंदल, खण्ड़ शिक्षा अधिकारी शहजादपुर ज्योति सभ्रवाल, स्टैनो नवीन सैनी, एआईपीआरओ मनोज वालिया, मार्किट कमेटी के सचिव अखिलेश शर्मा, बिजली निगम के एसडीओ दलीप सिंह, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओं अंकूश सहगल, मुख्य अध्यापक सुरेन्द्र धीमान,एएफएसओ विनय सिंह, सुपरवाईजर जसबीर सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर सुचित्रा, अनु, राजिन्द्र कौर, मनप्रीत सहित अन्य विभागों के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
बॉक्स- गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस की टुकड़ी के अलावा विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेज की एनसीसी की टूकडियों द्वारा मार्च पास्ट/परेड की गई। परेड कमांडर एसआई कपिल भान के नेतृत्व में मार्च पास्ट/परेड की फाइनल रिहर्सल की गई। जिसमें हरियाणा पुलिस की टुकड़ी का नेतृत्व प्लाटून कमांडर एएसआई रीटा द्वारा किया गया, राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ की टुकड़ी का नेतृत्व रितिका द्वारा, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनीयर सैकण्डरी स्कूल नारायणगढ का नेतृत्व हरदीप सिंह ने, राजकीय सीनीयर सैकण्डरी स्कूल पतरेहड़ी का नेतृत्व जसप्रीत सिंह, पीएम श्री राजकीय कन्या सीनीयर सैकण्डरी स्कूल नारायणगढ का नेतृत्व रजविन्द्र कौर, डीएवी सीनीयर सैकण्डरी पब्लिक स्कूल नारायणगढ़ का नेतृत्व रिजक, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनीयर सैकण्डरी स्कूल शहजादपुर की एनसीसी की टूकडी का नेतृत्व आदित्य तथा पैरामाउंट कांवेंट सी.सै. स्कूल अकबरपुर की टुकड़ी का नेतृत्व कुनाल द्वारा किया गया तथा राजकीय मॉडल संस्कृति सीनीयर सैकण्डरी स्कूल नारायणगढ के विद्यार्थीयों ने बैंड पर अपनी प्रस्तुति दी।
गणतंत्र दिवस समारोह में एसडी हाई स्कूल नारायणगढ़ के बच्चों द्वारा डम्बल तथा श्रीमद भगवद गीता सीनीयर सैकण्डरी स्कूल नारायणगढ़ के बच्चों द्वारा योगा/पीरामीड का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। मंच संचालन प्राध्यापक संजय धीमान ने किया।

बॉक्स- सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश भक्ति, हरियाणवी, पंजाबी तथा राजस्थानी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। जिनमें बल्यू बैल्स स्कूल के बच्चों द्वारा राजस्थानी लोक नृत्य कालबेलिया, सनराईज पब्लिक स्कूल बनौदी द्वारा वंदे मातरम देश भक्ति गीत पर अपनी प्रस्तुति दी गई, एसडी सी.सै. स्कूल नारायणगढ़ द्वारा देश भक्ति गीत हम सबका प्यारा इंडिया पर, महर्षि दयानन्द हाई स्कूल शहजादपुर के बच्चों ने हरियाणवी लोक नृत्य चुंदडी जयपुर से मंगवाई पर, प्राईम स्टैप इंटरनेशनल स्कूल शहजादपुर के बच्चों ने भारत की बेटी देश भक्ति गीत पर तथा पीएम श्री राजकीय कन्या सीनीयर सैकण्डरी स्कूल नारायणगढ़ के बच्चों द्वारा पंजाबी भंगडा प्रस्तुत किया गया। राजकीय मॉडल संस्कृति सीनीयर सैकण्डरी स्कूल नारायणगढ के विद्यार्थीयों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
बॉक्स-गणतंत्र दिवस समारोह में वन विभाग, कृषि विभाग, आईटीआई भारांपुर, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा झांकियां निकाली गई और अपने-अपने विभाग से सम्बंधित योजनाओं की जानकारी झांकियों के माध्यम से दी। समारोह में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। एसडीएम शाश्वत् सांगवान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के तुरंत बाद फोटो तैयार कर यू लाईक स्टूडियों के मालिक मिन्टू सैनी द्वारा उन्हें सौंपी गई।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *