हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक बार फिर जनता ने रिवाज कायम रखते हुए राज बदल दिया है। यानी, इस बार भी चुनाव में सत्ता बदली है।
वहीं MCD चुनाव में भाजपा को हराने वाली आम आदमी पार्टी पहाड़ में खाता भी नहीं खोल पाई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नतीजों के बाद इस्तीफा दे दिया है। इधर, कांग्रेस में CM चुनने के लिए मंथन जारी है। वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह रेस में आगे हैं।
भाजपा के 5 मंत्री चुनाव हारे
हिमाचल में हर चुनाव में 45 से 75 प्रतिशत मंत्रियों के चुनाव हारने का भी रिकॉर्ड रहा है। इस बार भी जयराम ठाकुर कैबिनेट के 5 मंत्री अपनी सीट नहीं बचा पाए। इनमें डॉ. रामलाल मारकंडा लाहौल-स्पीति सीट से कांग्रेस के रवि ठाकुर से चुनाव हार गए। कांगड़ा जिले की शाहपुर सीट से मंत्री सरवीण चौधरी कांग्रेस के केवल सिंह पठानिया से चुनाव हार गईं।

शहरी विकास मंत्री रहे सुरेश भारद्वाज शिमला जिले की कसुम्पटी सीट पर कांग्रेस के अनिरुद्ध सिंह से चुनाव हार गए। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल सोलन जिले की कसौली सीट से कांग्रेस के विनोद सुल्तानपुरी से चुनाव हार गए। वहीं शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर को मनाली सीट से कांग्रेस के भुवनेश्वर गौड़ ने हराया।
पिछले 4 चुनाव में करीब आधे मंत्री हारे
पिछले चार चुनाव का रिकॉर्ड देखें तो हर बार करीब आधे या उससे ज्यादा मंत्री चुनाव हार गए हैं। 2017 के चुनाव में कांग्रेस के CM वीरभद्र सिंह कैबिनेट के 11 में से 5 मंत्री चुनाव हार गए। 2012 में BJP सरकार में CM प्रेम कुमार धूमल के 10 में से 4 मंत्री चुनाव हार गए। 2007 में वीरभद्र सिंह ने एक साल पहले विधानसभा चुनाव कराए, लेकिन उनकी कैबिनेट के 10 में से 6 मंत्री अपनी सीट हार गए। इसी तरह 2003 में BJP के CM प्रेम कुमार धूमल की कैबिनेट के 11 में से 6 मंत्री जीत नहीं सके।

कांग्रेस में मुख्यमंत्री को लेकर मंथन शुरू
सूत्रों के मुताबिक, हिमाचल में जीत के बाद कांग्रेस में CM चेहरे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। इसके लिए पार्टी के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला और छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा शिमला जाएंगे। मुख्यमंत्री के लिए हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर विचार किया जा रहा है। प्रतिभा सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं और मंडी लोकसभा सीट से सांसद भी हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *