जन सुरक्षा योजना के तहत 15 अक्तूबर से 15 जनवरी तक चलाया जाएगा परिपूर्णता अभियान, बीडीपीओ व बैंकर्स तालमेल के साथ करें कार्य
करनाल, 10 अक्तूबर। अतिरिक्त उपायुक्त यश जालुका की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में जन सुरक्षा योजना के तहत प्रधान मंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा योजना के परिपूर्णता अभियान के सफल आयोजन को लेकर बैंक के सभी प्रतिनिधियों एवं बीडीपीओ के साथ बैठक की गई। यह अभियान 15 अक्तूबर 2024 से 15 जनवरी 2025 तक जारी रहेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय सेवाएं विभाग (डीएफएस) भारत सरकार द्वारा संचालित अभियान को सामाजिक सुरक्षा स्कीम के अंतर्गत सफल बनाने के लिए बैंकर्स को अपना पूर्ण सहयोग दें और ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान चला कर सामाजिक योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा सभी पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सुरक्षा बीमा और जीवन ज्योति बीमा का लाभ प्रदान करें। उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिए कि उक्त दोनों योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित लोगों की सूची सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के साथ सांझा करें ताकि लक्षित लोगों को विशेष कैंप में बुलाकर उन्हें योजना से लाभान्वित किया जा सके। इसके अलावा उक्त योजना की नियम व शर्तों के बारे में भी एसओपी तैयार करके बीडीपीओ को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने बीडीपीओ को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र की संबंधित ग्राम पंचायत के माध्यम से उक्त योजनाओं के पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण के लिए लगाए जाने वाले विशेष कैंपों को लेकर मुनियादी करवाना सुनिश्चित करेंगे। इस कार्य में ग्राम सचिव व चौकीदार की पूरी मदद ली जाए। इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी अपने-अपने क्षेत्र में पात्र व्यक्तियों को निर्धारित तिथि व स्थान के बारे में पात्र व्यक्तियों के घर पर जाकर सूचना अवश्य दें। इस मौके पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी संजय टांक, एलडीएम सुशील हंडुजा, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा बैंकर्स मौजूद रहे।
