चुनाव के प्रचार-प्रसार में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से न हों शामिल

चुनाव प्रचार-प्रसार में संलिप्त पाए जाने पर होगी नियमानुसार सख्त कार्रवाई

करनाल 01 अक्तूबर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने जिला के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहें। वे किसी भी राजनीतिक पार्टी या प्रत्याशी के प्रचार प्रसार में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल न हों। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी इन राजनीतिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधियों जैसे कि राजनीतिक दलों के प्रचार-प्रसार, बूथ एजेंट, चुनाव एजेंट व मतगणना एजेंट बनने से दूर रहें। जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 129  के अनुसार चुनाव के संबंध में कोई कर्तव्य निभाने के लिए नियुक्त अधिकारी या कर्मचारी चुनाव के संचालन व प्रबंधन में किसी उम्मीदवार के चुनाव की सम्भावनाओं को बढ़ावा देने के लिए कोई कार्य (वोट देने के अलावा) नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 134 के तहत चुनाव से सम्बंधित पदीय कर्तव्य (चुनाव ड्यूटी) के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी को दंडित किया जा सकता है। धारा 134 (क) के तहत यदि सरकारी सेवारत कोई व्यक्ति चुनाव में किसी उम्मीदवार के चुनाव एजेंट या मतदान एजेंट या मतगणना एजेंट के रूप में कार्य करता है तो उसे तीन महीने तक कारावास या जुर्माने से दंडित किया जा सकता है। इसके अलावा, हरियाणा सिविल सेवा (कर्मचारी आचरण) नियम 2016 के नियम 9 के तहत कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी राजनीतिक दल या राजनीति में शामिल ऐसे संगठन का सदस्य नहीं हो सकता। इसके साथ ही वह किसी राजनीतिक आंदोलन या गतिविधि में भाग नहीं लेगा। यदि कोई कर्मचारी इन नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही होगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *