एसीएस ने की एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत किए जाने वाले पौधारोपण के प्रबंधों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

करनाल, 8 अगस्त। वन विभाग हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण ने वीरवार को चंडीगढ़ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश में लगाए जाने वाले 51 लाख पौधारोपण के प्रबंधों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।  उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत 16 अगस्त को प्रत्येक जिला में लगाए जाने वाले 2 लाख पौधों की संख्या बढ़ाकर 2.50 लाख किया है, ताकि हरियाणा प्रदेश को हरा-भरा बनाने का सपना साकार हो सके।
एसीएस आनंद मोहन शरण ने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करके अपने-अपने जिले में एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत ढाई लाख पौधे लगवाना सुनिश्चित करें और इन सभी पौधों की जियो टैगिंग अवश्य करवाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक पेड़ मां के नाम मुहिम की स्वयं मॉनीटरिंग कर रहे हैं, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त को लगाए जाने वाले पौधों के लिए एडवांस में गड्ढे खोदे जाएं तथा जियो टैंगिंग के लिए संबंधित स्टाफ को प्रशिक्षण अवश्य दिलवाया जाए ताकि टैगिंग करते समय स्टाफ को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

बॉक्स: 15 अगस्त को अमृत सरोवरों पर भी फहराया जाए तिरंगा झंडा, किया जाए पौधारोपण: अमित अग्रवाल
वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री के एपीएस अमित अग्रवाल ने एक पेड़ मां के नाम मुहिम को जन आंदोलन बनाने के लिए सुझाव दिया कि 15 अगस्त को अमृत सरोवरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाए और इस मौके पर पौधारोपण करके पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि हर वर्ष की भांति हर घर तिरंगा योजना के तहत इस वर्ष भी प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। सभी उपायुक्त अपने-अपने जिलों में 11 अगस्त से लेकर 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध पूरे करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ें।

बॉक्स: जिला में लगाए जाएंगे 2.50 लाख पौधे : अतिरिक्त उपायुक्त
अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत जिला में 16 अगस्त को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न विभागों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा 2.50 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस मुहिम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक्शन प्लान तैयार किया गया है जिसके तहत सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करके निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

बॉक्स: जिला की 10 नर्सरियों में पर्याप्त मात्रा में पौधे नि:शुल्क किए जा रहे हैं वितरित: जय कुमार
इस मौके पर जिला वन अधिकारी जयकुमार नेे बताया कि जिला की 10 नर्सरियों में पौधारोपण के लिए पर्याप्त मात्रा में पौधों की उपलब्धता है और मांग के अनुसार संबंधित विभागों तथा आम जनता को नि:शुल्क पौधे वितरित कर दिए जाएंगे। इसके अलावा आम जनता, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं को भी इस मुहिम में जोड़ा गया है और इस में वे अपना भरपूर सहयोग देंगे। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा 51 हजार पौधों के अलावा पंचायत विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों के द्वारा 2.50 लाख पौधे अवश्य लगाए जाएंगे और उनकी देखरेख सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला में 420 वन मित्र लगाए गए पौधों का संरक्षण करेंगे तथा पौधों का गार्ड लगवाना सुनिश्चित करेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *